अंबिकापुर: सरगुजा पुलिस ने नगर सैनिक से मारपीट कर रेत तस्करी में प्रयुक्त वाहन छुड़ाने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल वाहन भी जब्त कर लिया गया है, जबकि मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर खनिज शाखा में पदस्थ नगर सैनिक तारकेश्वर वर्मा 22 जून को केंद्रीय उड़नदस्ता टीम के साथ सरगुजा संभाग में जांच के लिए आए थे। जांच के दौरान अधिकारियों के निर्देश पर रेत से भरे एक वाहन को अभिरक्षा में लेकर कलेक्ट्रेट परिसर अंबिकापुर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान वाहन चालक ने वाहन मालिक लड्डन खान का नाम लेकर नगर सैनिक को धमकी दी थी।

बताया गया कि जब वाहन गांधीनगर चौक सिग्नल के पास पहुंचा, तब वाहन मालिक और उसके साथियों ने गाड़ी रुकवा ली। आरोपियों ने नगर सैनिक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, वर्दी फाड़ने का प्रयास किया और उसे वाहन से नीचे उतारकर पकड़ लिया। इसी बीच चालक रेत से भरे वाहन को लेकर मौके से फरार हो गया।पीड़ित की शिकायत पर थाना गांधीनगर में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर थाना गांधीनगर और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों सोनू टोप्पो (19 वर्ष)और धनसिंह टोप्पो (35 वर्ष) निवासी सिलफिली पहाड़गांव, थाना जयनगर, जिला सूरजपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने नगर सैनिक से मारपीट कर वाहन छुड़ाने की घटना स्वीकार कर ली।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रेत तस्करी में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उप निरीक्षक दिलीप दुबे, साइबर सेल प्रभारी एएसआई अजीत मिश्रा सहित थाना एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!