अंबिकापुर: सरगुजा पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम और आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत प्रजापति ब्रह्माकुमारी संस्थान, आईसेक्ट कंप्यूटर सेंटर एवं लाइवलीहुड कॉलेज में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में 110 से अधिक युवाओं, छात्र-छात्राओं एवं प्रशिक्षणार्थियों तथा 150 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी के मार्गदर्शन में यह अभियान जिले में संचालित किया जा रहा है। अभियान के पांचवें सप्ताह (13 से 19 सितंबर 2026) के तहत युवाओं, श्रमिकों और प्रशिक्षण संस्थानों से जुड़े लोगों को साइबर अपराध के नए तरीकों से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

फर्जी नौकरी के ऑफर से सावधान रहने की दी सलाह

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने युवाओं और रोजगार की तलाश कर रहे लोगों को फर्जी नौकरी, पार्ट-टाइम जॉब और वर्क फ्रॉम होम के नाम पर होने वाली ठगी के प्रति सतर्क किया। सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप और मैसेज के जरिए मिलने वाले आकर्षक नौकरी के ऑफर पर बिना सत्यापन भरोसा नहीं करने की सलाह दी गई।

पुलिस ने बताया कि ठग नौकरी दिलाने के नाम पर रजिस्ट्रेशन फीस, सिक्योरिटी डिपॉजिट, वेरिफिकेशन चार्ज या प्रोसेसिंग फीस की मांग कर सकते हैं। ऐसे मामलों में किसी भी व्यक्ति या संस्था को बिना जांच-पड़ताल के पैसे नहीं देने की समझाइश दी गई।इसके अलावा फिशिंग लिंक और संदिग्ध APK फाइलों से होने वाले साइबर अपराधों के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस ने अनजान नंबरों से आए लिंक पर क्लिक नहीं करने और अनधिकृत स्रोत से मोबाइल ऐप डाउनलोड नहीं करने की अपील की।

साइबर सुरक्षा को लेकर पूछे सवाल

कार्यक्रम में प्रजापति ब्रह्माकुमारी संस्थान से बीके विद्या दीदी, खिलानंद, पूर्णिमा दीदी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। वहीं परियोजना अधिकारी गिरीश गुप्ता, प्राचार्य नम्रता पाण्डेय, आईसेक्ट कंप्यूटर सेंटर एवं लाइवलीहुड कॉलेज के प्रबंधक, शिक्षकगण, नवा बिहान टीम और बड़ी संख्या में युवा व वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए। प्रतिभागियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।कार्यक्रम में नवा बिहान की ओर से मंगल पांडे, अजय तिवारी, संतोष दास, अनिल मिश्रा और हीना खान ने सहभागिता की। सरगुजा पुलिस की ओर से उप निरीक्षक अभय तिवारी, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, साइबर एक्सपर्ट आरक्षक अनुज जायसवाल, अमन पुरी, राहुल केरकेट्टा एवं अविनाश पासवान सक्रिय रहे।

सरगुजा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी अनजान व्यक्ति या संस्था के साथ बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड, ओटीपी और व्यक्तिगत दस्तावेज साझा न करें। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!