

सूरजपुर: सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने युवक को एक घर से जबरन बाहर निकाला और रास्ते भर लाठी-डंडों तथा हाथ-पैरों से बेरहमी से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल युवक ने अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोंदा निवासी एक महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला के मुताबिक, हरिनंदन नामक युवक उसके घर आया हुआ था। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और हरिनंदन के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी उसे जबरन अपने साथ ले गए।शिकायत के अनुसार, आरोपी हरिनंदन को रास्ते भर लाठी-डंडों और हाथ-पैरों से पीटते रहे। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण आरोपियों का पीछा करते हुए पहुंचे। इस दौरान आरोपी युवक को भैसामुंडा गांव के सत्तीपारा चौक में गंभीर रूप से घायल हालत में छोड़कर फरार हो गए।
परिजन तत्काल घायल हरिनंदन को उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है।घटना के बाद प्रतापपुर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में शामिल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाश की जा रही है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है।











