
Sprouts Akki Roti Preparation: रोजाना एक जैसी रोटी खाकर बोर हो गए है, तो इस बार नाश्ते या खाने में कुछ नया ट्राई कर सकते है। कर्नाटक की मशहूर अक्की रोटी चावल के आटे से बनाई जाती है। इसमें अंकुरित मूंग, गाजर, नारियल और मसालों को मिलाकर इसका स्वाद और भी खास बनाया जा सकता है।मूंग स्प्राउट्स अक्की रोटी घर पर आसानी से तैयार हो जाती है। इसे नारियल की चटनी, हरी चटनी या अपनी पसंद की सब्जी के साथ परोसा जा सकता है। आइए जानते है इसकी आसान रेसिपी।
अक्की रोटी बनाने के लिए सामग्री
- 1 कप अंकुरित मूंग
- आधा कप चावल का आटा
- 1 मध्यम आकार की कद्दूकस की हुई गाजर
- एक चौथाई कप कद्दूकस किया हुआ ताजा नारियल
- एक चौथाई कप बारीक कटा हरा धनिया
- 2 हरी मिर्च
- आधा इंच अदरक
- 4 लहसुन की कलियां
- आधा बड़ा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 बड़ा चम्मच तिल
- 1 बड़ा चम्मच घी
- स्वादानुसार नमक
- जरूरत के अनुसार पानी
- रोटी सेंकने के लिए घी या तेल
स्टेप 1: स्प्राउट्स का मिश्रण तैयार करें
सबसे पहले अंकुरित मूंग, हरी मिर्च, अदरक और लहसुन को मिक्सर में डालकर दरदरा पीस लें। ध्यान रहे कि मिश्रण को बहुत बारीक पेस्ट में न बदलें। हल्का दरदरा मिश्रण रोटी को अच्छा टेक्सचर देगा।
स्टेप 2: आटा गूंथ लें
एक बड़े बर्तन में चावल का आटा लें। इसमें तैयार किया हुआ स्प्राउट्स का मिश्रण डालें। अब कद्दूकस की हुई गाजर, नारियल, हरा धनिया, तिल, लाल मिर्च पाउडर, नमक और एक बड़ा चम्मच घी मिलाएं।सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाकर थोड़ा-थोड़ा पानी डालें और नरम आटा गूंथ लें। ध्यान रखें कि आटा इतना नरम हो कि उसे तवे पर आसानी से फैलाया जा सके।
स्टेप 3: तवे पर रोटी फैलाएं
तवा गर्म करें और उस पर थोड़ा घी या तेल लगाएं। तैयार आटे का एक हिस्सा तवे पर रखें और हाथों की मदद से गोल व पतली रोटी का आकार दें। आटा चिपकने लगे, तो हाथों को हल्का गीला कर सकते है।रोटी पर छोटे-छोटे छेद कर दें, ताकि घी या तेल अंदर तक पहुंचे और रोटी अच्छी तरह सिक सके।
स्टेप 4: धीमी आंच पर सेंकें
रोटी पर थोड़ा घी या तेल डालें और तवे को ढककर धीमी से मध्यम आंच पर पकाएं। जब नीचे की सतह सुनहरी और कुरकुरी होने लगे, तो रोटी को पलट दें। दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह सेंक लें।इसी तरह बाकी आटे से भी रोटियां तैयार कर लें।
किसके साथ परोसें अक्की रोटी?
गरमागरम मूंग स्प्राउट्स अक्की रोटी को नारियल की चटनी, हरी चटनी या सांभर के साथ परोस सकते है। चाहें तो इसे सब्जी के साथ भी खा सकते है।अंकुरित मूंग से प्रोटीन और फाइबर, जबकि चावल के आटे से कार्बोहाइड्रेट मिलते है। सब्जियों और नारियल के साथ तैयार यह रोटी रोजमर्रा के खाने में स्वाद और विविधता जोड़ने का अच्छा विकल्प हो सकती है।




















