


महासमुंद: महासमुंद जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन से 2 क्विंटल 25 किलो गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, तस्कर ओडिशा के संबलपुर जिले से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश के चित्रकूट की ओर जा रहे थे। तस्करी को छिपाने के लिए पिकअप वाहन में ऊपर से तरबूज लोड किया गया था, जबकि उसके नीचे प्लास्टिक की बोरियों में गांजा छुपाकर रखा गया था।मामले का खुलासा तब हुआ जब सिंघोड़ा थाना प्रभारी संतोष सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध पिकअप वाहन (OD15V4676) में भारी मात्रा में गांजा परिवहन किया जा रहा है। साथ ही एक कार (UP96Q3658) भी पिकअप के आगे-आगे चल रही है, जिसमें सवार लोग पुलिस गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं।
सूचना मिलते ही एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की टीम ने ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा पर NH-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर दी। जांच के दौरान संदिग्ध कार और उसके पीछे आ रहे पिकअप वाहन को रोका गया।पहले पूछताछ में आरोपियों ने वाहन में केवल तरबूज होने की बात कही, लेकिन संदेह होने पर पुलिस ने तलाशी ली। तलाशी के दौरान तरबूज के नीचे छुपाकर रखी गई 9 बोरियों में कुल 2 क्विंटल 25 किलो गांजा बरामद हुआ।इसके बाद पुलिस ने पिकअप और कार में सवार सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में 4 उत्तर प्रदेश और 2 मध्य प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

































