

लखनपुर/प्रिंस सोनी: लखनपुर थाना क्षेत्र की कुन्नी पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम कुन्नी के डूमर घाट में सरपंच पति पर अपने भाई और साथियों के साथ मिलकर दो सगे भाइयों की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर सरपंच पति सहित सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, ग्राम कुन्नी निवासी रमेश दास ने बताया कि 2 जुलाई की रात करीब 9 बजे सरपंच पति हंस कुमार उईके ने उसे बोरिंग का पाइप लेने के लिए अपने घर के पास बुलाया था। जब वह वहां पहुंचा तो हंस कुमार घर पर मौजूद नहीं था। इस दौरान रमेश ने सरपंच तारावती से हंस कुमार को फोन लगवाकर पाइप के संबंध में पूछताछ की। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर हंस कुमार ने अपने भाई भोले शंकर उईके और अन्य साथियों को बुला लिया।
कुछ देर बाद हंस कुमार उईके अपने वाहन ईको कार (CG 15 EF 9454) से राजू उर्फ राजेश प्रजापति, शारदा साहू, राजकुमार सिंह, भोला शंकर उईके, संग्राम प्रजापति और गंगा प्रजापति के साथ मौके पर पहुंचा। आरोप है कि सभी ने पहले गाली-गलौज की और फिर जान से मारने की धमकी देते हुए बांस के डंडों तथा हाथ-मुक्कों से रमेश दास की जमकर पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई दिनेश दास के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की।
घटना के अगले दिन 3 जुलाई को रमेश दास ने कुन्नी पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर हंस कुमार उईके सहित सात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(b), 351(3), 115(2) और 191(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।











