रायपुर : अपराधों पर लगाम लगाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर 27 जुलाई 2026 की रात कमिश्नरेट के मध्य, उत्तर और पश्चिम जोन में एक साथ विशेष नाकेबंदी और सघन जांच अभियान चलाया गया।यह अभियान रात 8 बजे से 11:30 बजे तक लगातार जारी रहा। इस दौरान पुलिस ने 41 अलग-अलग स्थानों पर नाकेबंदी कर वाहनों और संदिग्ध लोगों की जांच की।

5 हजार से ज्यादा वाहनों की हुई जांच

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 5 हजार से अधिक वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की। बिना नंबर वाले वाहन, फैंसी या नियमों के खिलाफ लगी नंबर प्लेट, संदिग्ध वाहनों और संदिग्ध लोगों पर विशेष निगरानी रखी गई।शहर के प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों पर भी पुलिस बल तैनात रहा, ताकि आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर ई-चालान की कार्रवाई की गई। वहीं वाहनों में लगी अवैध ब्लैक फिल्म को मौके पर ही हटवाया गया। बिना नंबर प्लेट और गलत नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

मध्य जोन के प्रमुख जांच केंद्र

कालीबाड़ी चौक, टैगोर नगर चौक, जयस्तंभ चौक, मरही माता चौक, थाना मौदहापारा के सामने, फाफाडीह चौक, तेलीघानी नाका, श्याम नगर, थाना तेलीबांधा के सामने, बठिया नर्सिंग होम के पास, पीडब्ल्यूडी ब्रिज के नीचे, नारायणा हॉस्पिटल के सामने और त्रिमूर्ति नगर में जांच अभियान चलाया गया।

उत्तर जोन के प्रमुख जांच केंद्र

खमतराई बाजार, भानपुरी चौक, कर्मा चौक, कन्हेरा तिराहा, भारतमाता चौक, कबीर चौक, थाना पंडरी के सामने, दलदल सिवनी रोड, थाना खम्हारडीह के सामने और शंकर नगर चौक के टर्निंग पॉइंट पर पुलिस ने मोर्चा संभाला।

पश्चिम जोन के प्रमुख जांच केंद्र

थाना आजाद चौक के सामने, भैंसथान, एनआईटी के सामने, जगन्नाथ चौक, रिंग रोड गेट नंबर 1, अंबेडकर चौक, टाटीबंध, मोहबा बाजार, भाटा गांव चौक, लाखेनगर चौक, लालपुर चौक, काली मंदिर के पास, भाठागांव, कमल होटल के सामने, महादेव घाट रोड चौक, सुंदर नगर चौक, मुजगहन मुख्य चौक और रिंग रोड नंबर 2 जंक्शन पर कार्रवाई की गई।

चोरी का वाहन लेकर घूम रहा आरोपी गिरफ्तार

अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता भी मिली। थाना गोलबाजार क्षेत्र के शास्त्री मार्केट से 27 जुलाई की शाम चोरी हुए हीरो होंडा प्लेजर वाहन की सूचना मिलते ही इसकी जानकारी सभी थानों, नाकेबंदी प्वाइंट और पेट्रोलिंग टीमों को भेजी गई।इसके बाद सभी टीमों को अलर्ट कर दिया गया। इसी दौरान नाकेबंदी से बचने की कोशिश कर रहे एक संदिग्ध युवक को एसीसीयू की बीट टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।जांच में उसके पास मिला वाहन थाना गोलबाजार क्षेत्र से चोरी हुआ हीरो होंडा प्लेजर निकला। पुलिस ने आरोपी को चोरी के वाहन के साथ गिरफ्तार कर लिया है। उससे अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

बटनदार चाकू के साथ युवक पकड़ा गया

विशेष अभियान के दौरान थाना गंज पुलिस ने भी कार्रवाई की। तेलीघानी नाका चेकिंग प्वाइंट पर पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे युवक आर्यन चौहान को घेराबंदी कर पकड़ा गया।तलाशी लेने पर उसके पास से बटनदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

अपराध रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर

रायपुर कमिश्नरेट द्वारा चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध और वांछित व्यक्तियों पर निगरानी बढ़ाना, वाहन चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण और नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना रहा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!