मध्य प्रदेश : मुरैना जिले में शासकीय प्राथमिक विद्यालय बड़ागांव की अव्यवस्थाओं का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय की प्रधानाध्यापक नीतू तोमर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय निर्धारित किया गया है।

पानी के लिए बच्चों को सड़क पार करनी पड़ रही थी

जांच में सामने आया कि विद्यालय परिसर में पानी की टंकी होने के बावजूद उसमें पेयजल की व्यवस्था नहीं थी। इसके कारण छोटे बच्चों को पानी पीने के लिए करीब 200 मीटर दूर सड़क पार कर जाना पड़ता था। इससे विद्यार्थियों की सुरक्षा पर भी लगातार खतरा बना हुआ था।

मिड-डे मील के बाद बच्चों से धुलवाए जा रहे थे बर्तन

विद्यालय में मध्यान्ह भोजन के बाद छात्र-छात्राओं से जूठे बर्तन भी धुलवाए जा रहे थे। इसके लिए बच्चों को स्कूल परिसर से बाहर जाकर पानी लाना पड़ता था। इस व्यवस्था को लेकर अभिभावकों और ग्रामीणों ने गंभीर आपत्ति जताई थी।

प्रशासन ने तत्काल लिया संज्ञान

मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की। कलेक्टर के निर्देश के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाध्यापक के खिलाफ निलंबन का आदेश जारी किया। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में भी हलचल तेज हो गई है।

ग्रामीणों ने सुविधाएं सुधारने की मांग उठाई

ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई का स्वागत किया है। साथ ही उन्होंने विद्यालय में पेयजल, स्वच्छता, मध्यान्ह भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं को जल्द दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!