

Prevent Sticky Hair Problems: बारिश का मौसम जहां गर्मी से राहत देता है, वहीं बालों के लिए कई नई समस्याएं भी लेकर आता है। इस दौरान नमी बढ़ने से स्कैल्प जल्दी ऑयली हो जाती है, जिससे बाल चिपचिपे नजर आते हैं। इसके अलावा डैंड्रफ, खुजली और बाल झड़ने जैसी दिक्कतें भी बढ़ सकती हैं। हेयर एक्सपर्ट्स का मानना है कि मानसून में बालों की देखभाल के लिए सही रूटीन अपनाना बेहद जरूरी है। कुछ आसान आदतों को अपनाकर आप अपने बालों को स्वस्थ, मजबूत और चमकदार बनाए रख सकते हैं।
स्कैल्प को रखें साफ, सही तरीके से करें ऑयलिंग
बारिश के मौसम में स्कैल्प पर पसीना और गंदगी जल्दी जमा हो जाती है। इसलिए नियमित रूप से बालों की सफाई करना जरूरी है। बाल धोने से करीब पांच मिनट पहले हल्के हाथों से तेल लगाएं, जिससे बाल मुलायम बने रहें। सप्ताह में एक बार क्लेरिफाइंग शैम्पू का इस्तेमाल करने से स्कैल्प की गहराई से सफाई होती है और अतिरिक्त तेल व गंदगी भी निकल जाती है।
स्टाइलिंग प्रोडक्ट्स से बनाएं दूरी
मानसून के दौरान हेयर जेल, स्प्रे और अन्य स्टाइलिंग प्रोडक्ट्स का अधिक इस्तेमाल करने से बचें। इनमें मौजूद केमिकल्स बालों की जड़ों पर जमा होकर नुकसान पहुंचा सकते हैं। इस मौसम में बालों को बहुत ज्यादा कसकर बांधने की बजाय खुला या हल्का बांधकर रखें, ताकि हवा का प्रवाह बना रहे और पसीना कम आए।
बाल धोने के बाद तुरंत सुखाएं
बालों को धोने के बाद उन्हें लंबे समय तक गीला न रहने दें। गीले बालों में डैंड्रफ और फंगल संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। हेयर ड्रायर को कम तापमान पर रखकर बालों को अच्छी तरह सुखाएं। साथ ही घर से बाहर निकलने से पहले यह सुनिश्चित करें कि बाल पूरी तरह सूख चुके हों।
समय समय पर कराएं ट्रिमिंग
बालों के दोमुंहे होने और उनकी गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित अंतराल पर ट्रिमिंग कराना फायदेमंद रहता है। इससे बाल स्वस्थ दिखते हैं और उनकी ग्रोथ भी बेहतर बनी रहती है।
बारिश में भीगने के बाद तुरंत धो लें बाल
अगर बारिश में भीग जाएं, तो घर पहुंचते ही हल्के शैम्पू से बालों को साफ कर लें। बारिश के पानी में मौजूद धूल और अन्य तत्व स्कैल्प में खुजली और संक्रमण का कारण बन सकते हैं। समय पर बाल धोने से इन समस्याओं से बचाव किया जा सकता है।
एलोवेरा जेल का करें इस्तेमाल
सप्ताह में एक बार ताजा एलोवेरा जेल को करीब पांच मिनट तक स्कैल्प पर लगाएं। इसके बाद साफ पानी से बाल धो लें। यह घरेलू उपाय डैंड्रफ कम करने, बालों का झड़ना घटाने और जड़ों को मजबूत बनाने में मददगार माना जाता है। नियमित इस्तेमाल से बाल अधिक स्वस्थ और चमकदार बने रह सकते हैं।










