
अंबिकापुर: सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र में दुकान से हुई दो लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम से अधिक कुल 2 लाख 8 हजार 580 रुपये नगद बरामद किए गए हैं। चोरी की गुत्थी सुलझाने में पुलिस डॉग कोका की अहम भूमिका रही। घटनास्थल से मिले कपड़े की पहचान कराते हुए डॉग कोका सीधे संदेहियों के घर तक पहुंच गया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक ग्राम मोतीपुर भाठापारा निवासी सुरेश महाजन ने दरिमा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 4 सितंबर को गुमला, झारखंड गया था। 5 सितंबर को वापस लौटने पर दुकान में लगा डीवीआर और करीब दो लाख रुपये गायब मिले। अज्ञात चोर द्वारा दुकान में चोरी किए जाने की शिकायत पर थाना दरिमा में अपराध क्रमांक 205/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, उप पुलिस अधीक्षक राकेश बघेल तथा थाना प्रभारी दरिमा प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक निशांत गौरव कुर्रे के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की। फॉरेन्सिक टीम ने भी घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
कपड़े की पहचान कर सीधे घर पहुंचा डॉग
जांच के दौरान थाना प्रभारी और डॉग हैंडलर ने पुलिस डॉग कोका को घटनास्थल पर ले जाकर वहां मिले कपड़े की पहचान कराई। कोका ने अपनी क्षमता का प्रदर्शन करते हुए कपड़े की गंध के आधार पर सीधे संदिग्धों के घर का रास्ता पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।पूछताछ में सिद्धार्थ निषाद उर्फ रानू (25), निवासी मोतीपुर ने अपने साथी कबीर दास उर्फ विक्की (21), निवासी मोतीपुर के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 8 हजार 580 रुपये नगद बरामद किए।
पहले भी दुकान में कर चुके थे काम
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पहले प्रार्थी की कपड़े की दुकान में काम कर चुके थे। सिद्धार्थ उर्फ रानू को पूर्व में चोरी के एक मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। इसके बाद प्रार्थी ने उसे दुकान से निकाल दिया था। वहीं कबीर दास उर्फ विक्की को भी रक्षाबंधन के दौरान दुकान से हटा दिया गया था। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी काफी समय से दुकान में चोरी करने की योजना बना रहे थे।आरोपियों ने चोरी के बाद दुकान में लगे डीवीआर को तोड़कर उसके टुकड़े कर दिए और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से उसे बेलखरिखा नदी में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
डॉग स्क्वाड को मिलेगा इनाम
मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिस डॉग हैंडलर आरक्षक कुलेश्वर साहू, नीरज वर्मा और डॉग कोका की पुलिस अधिकारियों ने सराहना की है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा ने डॉग स्क्वाड और पूरी पुलिस टीम को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित करने की घोषणा की है।
कार्रवाई में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक निशांत गौरव कुर्रे, उप निरीक्षक सत्येंद्र सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक देव सिंह, सहायक उप निरीक्षक मनोज सिंह सहित आरक्षक अखलेश यादव, मकर ध्वज, सुरेश यादव, भूपेंद्र सिंह और रंजीत गुप्ता की सक्रिय भूमिका रही।




















