

नई दिल्ली। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर इजाफा किया गया है। तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। लगातार बढ़ रही कीमतों से आम लोगों की जेब पर असर पड़ने लगा है।
राजधानी दिल्ली में अब पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर हो गया है। खास बात यह है कि पिछले 10 दिनों के भीतर यह चौथी बार है जब पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 15 मई, 19 मई और 23 मई को भी तेल कंपनियां कीमतों में इजाफा कर चुकी हैं।
बताया जा रहा है कि मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव और युद्ध जैसी स्थिति के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित हुई है। इसके चलते क्रूड ऑयल की कीमतों में तेजी आई है, जिससे ऑयल मार्केटिंग कंपनियों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है। कंपनियां नुकसान की भरपाई के लिए धीरे-धीरे पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा रही हैं।
देश में करीब चार साल तक पेट्रोल-डीजल की कीमतें स्थिर बनी हुई थीं, लेकिन अब हालात तेजी से बदल रहे हैं। दिल्ली में बढ़ोतरी का दौर शुरू होने से पहले पेट्रोल 94.77 रुपये और डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर था। यानी अब तक राजधानी में पेट्रोल 7.35 रुपये और डीजल 7.53 रुपये प्रति लीटर महंगा हो चुका है।
प्रमुख शहरों में पेट्रोल-डीजल के नए दाम
दिल्ली
पेट्रोल – 102.12 रुपये
डीजल – 95.20 रुपये
कोलकाता
पेट्रोल – 113.51 रुपये
डीजल – 99.82 रुपये
मुंबई
पेट्रोल – 111.21 रुपये
डीजल – 97.83 रुपये
चेन्नई
पेट्रोल – 107.77 रुपये
डीजल – 99.55 रुपये
छत्तीसगढ़ राजधानी रायपुर में पेट्रोल की कीमत अब 108 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच चुकी है, जबकि डीजल भी 101 रुपये से ज्यादा में बिक रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी नहीं आने तक पेट्रोल-डीजल के दामों में राहत मिलना मुश्किल है।




















