

नई दिल्ली: आम लोगों की जेब पर महंगाई का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई। तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 2.61 से 2.95 रुपये प्रति लीटर तक और डीजल में 2.53 से 3.03 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है। खास बात यह है कि पिछले दो हफ्तों से भी कम समय में यह चौथी बढ़ोतरी है।
इससे पहले शनिवार को भी पेट्रोल-डीजल के दाम 87 से 91 पैसे प्रति लीटर तक बढ़ाए गए थे। लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता के घरेलू बजट पर सीधा असर डालना शुरू कर दिया है।
CNG ने भी दिया झटका, तीसरी बार बढ़े दाम
सिर्फ पेट्रोल और डीजल ही नहीं, बल्कि CNG की कीमतों में भी इजाफा हुआ है। सोमवार को CNG के दाम में 1 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई। हाल के दिनों में यह तीसरी वृद्धि है और कुल बढ़ोतरी अब 4 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच चुकी है।
दिल्ली में पेट्रोल 102 रुपये के पार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत अब 102.12 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इससे पहले यह 99.51 रुपये प्रति लीटर थी। यानी एक ही बार में 2.61 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं डीजल का भाव 92.49 रुपये से बढ़कर 95.20 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।
इन शहरों में सबसे ज्यादा महंगा हुआ पेट्रोल
देश के कई बड़े शहरों में पेट्रोल की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। हैदराबाद, तिरुवनंतपुरम, जयपुर और पटना जैसे शहरों में पेट्रोल 112 से 115 रुपये प्रति लीटर के बीच पहुंच चुका है। भुवनेश्वर में सबसे ज्यादा 2.95 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल के नए रेट
- नई दिल्ली – 102.12 रुपये प्रति लीटर
- मुंबई – 111.18 रुपये प्रति लीटर
- कोलकाता – 113.47 रुपये प्रति लीटर
- चेन्नई – 107.77 रुपये प्रति लीटर
- हैदराबाद – 115.69 रुपये प्रति लीटर
- जयपुर – 112.66 रुपये प्रति लीटर
- पटना – 113.35 रुपये प्रति लीटर
- तिरुवनंतपुरम – 115.49 रुपये प्रति लीटर
डीजल की कीमतों में भी बड़ी उछाल
डीजल की कीमतों में भी लगातार तेजी बनी हुई है। कई शहरों में डीजल अब 100 रुपये प्रति लीटर के करीब पहुंच गया है। भुवनेश्वर और तिरुवनंतपुरम जैसे शहरों में डीजल 100 रुपये के पार निकल चुका है।
देश के प्रमुख शहरों में डीजल के ताजा रेट
- नई दिल्ली – 95.20 रुपये प्रति लीटर
- मुंबई – 97.83 रुपये प्रति लीटर
- कोलकाता – 99.82 रुपये प्रति लीटर
- चेन्नई – 99.55 रुपये प्रति लीटर
- भुवनेश्वर – 100.92 रुपये प्रति लीटर
- हैदराबाद – 103.82 रुपये प्रति लीटर
- तिरुवनंतपुरम – 104.40 रुपये प्रति लीटर
- पटना – 99.36 रुपये प्रति लीटर
आम लोगों पर बढ़ेगा महंगाई का असर
विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार बढ़ते ईंधन के दाम आने वाले दिनों में परिवहन लागत बढ़ा सकते हैं। इसका असर खाने-पीने की चीजों से लेकर रोजमर्रा के सामान तक पर देखने को मिल सकता है। पेट्रोल, डीजल और CNG की बढ़ती कीमतें अब सीधे तौर पर आम आदमी के खर्च को प्रभावित करने लगी हैं।



















