सूरजपुर: सूरजपुर जिले में जंगली हाथी के हमले से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, यह घटना सूरजपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम कोटबहरा की है। बुधवार देर शाम गांव निवासी केशव (28) काम खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान अंधेरे में रास्ते में खड़े एक दंतैल हाथी के पास पहुंच गया। जैसे ही युवक को हाथी का आभास हुआ, वह जान बचाकर भागने लगा, लेकिन हाथी ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। हाथी ने युवक को सूंड से पटककर पैरों तले कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।इधर, गुरुवार सुबह घटना से नाराज ग्रामीण बड़ी संख्या में कल्याणपुर मार्ग पर जुट गए। उन्होंने अंबिकापुर-प्रतापपुर मुख्य मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों को मौके पर बुलाने और मुआवजे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।

चक्काजाम की सूचना पर एसडीएम शिवानी जायसवाल, एसडीओपी सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे तक मार्ग बाधित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त किया।वन विभाग के मुताबिक, जिस हाथी ने युवक पर हमला किया, वह अपने दल से बिछड़ा हुआ है और अकेले विचरण कर रहा है। क्षेत्र में पहले से 7 हाथियों का दल सक्रिय है, जिसमें से एक हाथी अलग होकर कोटबहरा इलाके में पहुंच गया। वहीं अन्य हाथियों के दल ने आसपास के गांवों में फसलों को भी नुकसान पहुंचाया है।

ग्रामीणों का कहना है कि महुआ सीजन के चलते लोग देर शाम और सुबह-सुबह जंगल की ओर जाते हैं, जिससे हाथियों से टकराव का खतरा बढ़ गया है। हाथियों की लगातार मौजूदगी से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!