भोपाल: साइबर ठगों ने बेहद शातिर तरीके से खुद को वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बताकर एक व्यक्ति से हजारों रुपये की ठगी कर ली। मामला अयोध्या नगर थाना क्षेत्र का है, जहां आरोपी ने खुद को बिहार पुलिस का डीजीपी बताकर पीड़ित को कानूनी कार्रवाई और बदनामी का डर दिखाया। पुलिस के अनुसार, इसी इलाके के चार अन्य लोग भी अलग-अलग साइबर ठगी के मामलों का शिकार हुए हैं।

अश्लील वीडियो देखने का आरोप लगाकर डराया

पुलिस के मुताबिक पीड़ित आनंद कुमार को एक कॉल आया, जिसमें सामने वाले ने खुद को बिहार पुलिस का डीजीपी बताया। आरोपी ने दावा किया कि आनंद के मोबाइल नंबर का इस्तेमाल अश्लील वीडियो देखने के लिए किया गया है और उनके खिलाफ कार्रवाई होने वाली है। इसके बाद कथित आरोपी ने वीडियो वायरल करने और कानूनी कार्रवाई की धमकी देकर मामला खत्म करने के नाम पर 34,500 रुपये की मांग की।

रुपये मिलने के बाद भी जारी रही मांग

पीड़ित ने डर के कारण रकम ट्रांसफर कर दी, लेकिन इसके बाद भी ठग लगातार और पैसे मांगता रहा। तब आनंद कुमार को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।

चार अन्य लोग भी बने साइबर अपराध का शिकार

पुलिस के अनुसार अयोध्या नगर क्षेत्र के राजाराम विश्वकर्मा, टनाटन ढाबा इलाके के अमित शर्मा, अयोध्या नगर एक्सटेंशन निवासी जयंत कुमार सौंधिया और शिवशक्ति राम कॉलोनी के सुनील कुमार सिंह ने भी अलग-अलग साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। सभी मामलों की जांच की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर खुद को सरकारी अधिकारी बताने वाले व्यक्ति की बातों में न आएं। यदि कोई कानूनी कार्रवाई, गिरफ्तारी या बदनामी का डर दिखाकर पैसे मांगता है, तो तुरंत उसकी सूचना स्थानीय पुलिस या राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!