

बलरामपुर/राजपुर। वन महोत्सव के अवसर पर राजपुर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत वन विभाग द्वारा करवा मिडिल स्कूल परिसर में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक उद्देश्वरी पैकरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।इस दौरान मौलश्री, पीपल, बरगद, आम, आंवला, चार तथा जामुन सहित वैदिक एवं औषधीय महत्व वाले 500 पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना और अधिक से अधिक पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाना रहा। वन विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित लोगों एवं विद्यार्थियों को पौधों के धार्मिक, औषधीय और पर्यावरणीय महत्व की जानकारी दी तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प भी दिलाया। इस दौरान विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।
वन विभाग ने कहा कि 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान प्रकृति संरक्षण के साथ-साथ मातृत्व के सम्मान का भी प्रतीक है। कार्यक्रम में स्कूल के शिक्षक, विद्यार्थी, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।,











