

सूरजपुर: कलेक्टर रेना जमील के स्पष्ट निर्देशानुसार सूरजपुर जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण में संलिप्त तत्वों के विरूद्ध अब निरंतर एवं कठोर कार्रवाई की जा रही है। खनिज अमला सूरजपुर तथा जिला स्तरीय टास्कफोर्स द्वारा खनिजों के अवैध खनन, परिवहन एवं भण्डारण से प्रभावित क्षेत्रों में सघन जाँच अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बीते कुछ दिनों में कुल 08 वाहनों को अवैध परिवहन करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 जून 2026 को खनिज अमला सूरजपुर द्वारा तहसील प्रतापपुर के थाना खडगवाँ क्षेत्र में खनिज वाहनों की जाँच के दौरान खडगवाँ मुख्य मार्ग पर खनिज रेत से भरी 01 टीपर तथा बिश्रामपुर क्षेत्र में 02 वाहनों को अवैध परिवहन करते पाया गया। इसी क्रम में आज 22 जून 2026 को खडगवाँ क्षेत्र में 01 वाहन तथा ग्राम रूनियाडीह एवं आसपास के क्षेत्रों में बिना वैध अभिवहन पास के परिवहन कर रहे 04 ट्रैक्टरों को जाँच दल द्वारा रोककर जब्त किया गया।
सभी वाहनों पर प्रकरण दर्ज, थानों में सुरक्षार्थ रखे गए:-
जाँच के दौरान पकड़े गए कुल 08 वाहनों पर नियमानुसार अवैध परिवहन का प्रकरण दर्ज करते हुए संबंधित वाहन मालिकों के विरूद्ध विधिवत कार्रवाई की गई है। जब्त वाहनों में से 04 वाहन पुलिस थाना सूरजपुर, 03 वाहन थाना बिश्रामपुर तथा 01 वाहन थाना खडगवाँ में सुरक्षार्थ रखे गए हैं।
खनिज विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि खनिज अमला एवं जिला स्तरीय टास्कफोर्स द्वारा प्रभावित क्षेत्रों की निरंतर निगरानी की जा रही है। अवैध उत्खनन, परिवहन अथवा भण्डारण की गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई सतत रूप से जारी रहेगी।





















