

बलरामपुर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के गौरवशाली और सफल 12 वर्ष के कार्यकाल के उपलक्ष्य में संपूर्ण छत्तीसगढ़ प्रदेश में विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष अवसर पर केन्द्र एवं राज्य सरकार की समस्त जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुँचाने के उद्देश्य से जिले के प्रत्येक राजस्व अनुविभाग स्तर पर तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविरों का आयोजन आगामी 18 से 20 जून 2026 तक किया जाएगा। इन विशेष शिविरों का मुख्य उद्देश्य केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत नए पात्र हितग्राहियों का मौके पर ही पंजीकरण करना, पूर्व से लंबित आवेदनों में आवश्यक त्रुटि सुधार करना तथा आम जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निवारण सुनिश्चित करना है, ताकि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ सुगम ढंग से जनता को मिल सके।
इस तीन दिवसीय अभियान के सुचारू संचालन, प्रभावी मॉनिटरिंग और विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा जिला एवं अनुभाग स्तर पर नोडल और सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके तहत जिला स्तर पर जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर को नोडल अधिकारी एवं अपर कलेक्टर चेतन बोरघरिया को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसी प्रकार अनुभाग स्तर पर शिविरों के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी अनुभागों में स्थानीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अंतर्गत संबंधित अनुभाग अधिकारी नोडल एवं जनपद सीईओ सहायक नोडल होंगे।




















