

लखनपुर/ प्रिंस सोनी: क्षेत्र के मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.एस. मार्को के निर्देश पर अब लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में त्वचा रोग विशेषज्ञ की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जानकारी के अनुसार, डॉ. पी.के. सिन्हा महीने में एक दिन लखनपुर के ओपीडी में उपस्थित रहकर त्वचा संबंधी बीमारियों का जांच और उपचार करेंगे। उन्होंने निर्देशानुसार आज से ही अपनी सेवाएं देना शुरू कर दिया है।इस पहल से क्षेत्र के मरीजों को बड़ी सुविधा मिलेगी। अब त्वचा रोगों के इलाज के लिए लोगों को अंबिकापुर जैसे बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्हें अपने ही क्षेत्र में बेहतर परामर्श और इलाज उपलब्ध हो सकेगा।
स्वास्थ्य विभाग के इस निर्णय को ग्रामीणों के लिए राहतभरा कदम माना जा रहा है। इससे न केवल समय और खर्च की बचत होगी, बल्कि मरीजों को त्वरित और सहज उपचार भी मिल सकेगा।

































