बलरामपुर:  बलरामपुर जिले में शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत निजी स्कूलों को मिलने वाली प्रतिपूर्ति राशि बढ़ाने की मांग को लेकर जिला अशासकीय विद्यालय संचालक कल्याण संघ का असहयोग आंदोलन जारी है। इसी क्रम में बुधवार को संगठन के जिला अध्यक्ष प्रमेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में निजी स्कूल संचालकों ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रतिपूर्ति राशि बढ़ाने की मांग की।

संगठन द्वारा दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में आरटीई के तहत निजी स्कूलों को मिलने वाली प्रतिपूर्ति राशि बहुत कम है, जिससे स्कूलों के संचालन में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल संचालकों का कहना है कि बढ़ती महंगाई, शिक्षकों के वेतन, भवन रखरखाव और अन्य खर्चों को देखते हुए वर्तमान राशि पर्याप्त नहीं है।

ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने प्राथमिक कक्षाओं के लिए प्रतिपूर्ति राशि 7000 रुपये से बढ़ाकर 18000 रुपये, माध्यमिक कक्षाओं के लिए 11500 रुपये से बढ़ाकर 22000 रुपये तथा हाई और हायर सेकेंडरी कक्षाओं के लिए 15000 रुपये से बढ़ाकर 25000 रुपये करने की मांग की है।संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार द्वारा आरटीई प्रतिपूर्ति राशि में वृद्धि नहीं की जाती, तब तक निजी स्कूल संचालकों का असहयोग आंदोलन जारी रहेगा।

इस दौरान संगठन के संरक्षक गोपाल दास कुशवाहा, सचिव अभय उपाध्याय, कोषाध्यक्ष मृत्युंजय सिन्हा, वाड्रफनगर अध्यक्ष महेंद्र बारी, रामचंद्रपुर अध्यक्ष आदित्य गुप्ता, शंकरगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष शिव बरत दास, कुसमी अध्यक्ष नितेश गुप्ता सहित रामानुजगंज से मनोज गुप्ता, संदीप साहू, प्रभुदास मानिकपुरी, विनय जायसवाल और बड़ी संख्या में निजी स्कूल संचालक एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!