

बलरामपुर: ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों एवं मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और सुलभ बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। शासन की प्राथमिकता है कि बच्चों के सर्वांगीण विकास तथा गर्भवती महिलाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों को सुदृढ़ किया जाए। इसी कड़ी में जनपद पंचायत रामचंद्रपुर के ग्राम ताम्बेश्वरनगर में नवीन आंगनबाड़ी भवन का निर्माण पूर्ण होने पर सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने शुभारंभ किया।
ग्राम ताम्बेश्वरनगर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में वर्तमान में 0 से 6 वर्ष तक के 54 बच्चों एवं 3 गर्भवती माताओं तथा 1 शिशुवती माता सहित कुल 58 हितग्राही पंजीकृत हैं।
नवीन भवन निर्माण से पूर्व आंगनबाड़ी केंद्र पंचायत भवन में संचालित किया जा रहा था, जिसके कारण बच्चों की गतिविधियों एवं गर्भवती माताओं के लिए विशेष कार्यक्रमों के आयोजन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। पर्याप्त स्थान एवं सुविधाओं के अभाव में आंगनबाड़ी संचालन प्रभावित हो रहा था।
नवीन आंगनबाड़ी भवन के निर्माण से अब बच्चों को बेहतर वातावरण में पोषण, प्रारंभिक शिक्षा एवं खेल गतिविधियों की सुविधा मिल सकेगी। साथ ही गर्भवती एवं धात्री माताओं को विभागीय योजनाओं एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं का लाभ सुचारू रूप से दिया जा सकेगा। नए भवन के लोकार्पण से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
इस अवसर पर सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि बच्चों एवं महिलाओं का स्वास्थ्य और पोषण शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आंगनबाड़ी केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में पोषण एवं शिक्षा का मजबूत आधार हैं, जिनके माध्यम से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखी जाती है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।





















