

बलरामपुर: जिला अधिवक्ता संघ रामानुजगंज की नई कार्यकारिणी के गठन हेतु संपन्न चुनाव में अधिवक्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चुनाव के बाद नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई, जिसमें जे.पी. गुप्ता को अध्यक्ष तथा संजय बाबू गोलदार को सचिव निर्वाचित किया गया।नई कार्यकारिणी में जितेंद्र गुप्ता को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, मनीता शर्मा को महिला उपाध्यक्ष, रश्मि गुप्ता को सहसचिव तथा छोटेलाल कुशवाहा को कोषाध्यक्ष चुना गया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का अधिवक्ताओं ने पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर अधिवक्ता साथियों ने सभी पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा, उनके अधिकारों के संरक्षण तथा संघ को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य करेगी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष जे.पी. गुप्ता ने सभी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संघ की गरिमा, एकता और अधिवक्ताओं के हित सर्वोपरि रहेंगे। वहीं, सचिव संजय बाबू गोलदार ने विश्वास दिलाया कि वे सभी साथियों को साथ लेकर पारदर्शिता, समन्वय और सक्रियता के साथ संघ के कार्यों का संचालन करेंगे तथा अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद जिला अधिवक्ता संघ परिसर में हर्ष का माहौल रहा और अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इज़हार किया।











