

नासिक। महाराष्ट्र के नासिक स्थित TCS ऑफिस से जुड़े कथित धर्मांतरण और यौन उत्पीड़न मामले में आरोपी निदा खान अभी तक फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है और इस काम के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं।पुलिस को पिछले तीन दिनों से उसकी कोई ठोस लोकेशन नहीं मिल पाई है, जिससे जांच और तेज कर दी गई है।
परिवार का दावा, मुंबई में रिश्तेदार के पास है निदा
इस बीच आरोपी के परिवार का कहना है कि निदा मुंबई में अपने एक रिश्तेदार के घर पर मौजूद है और वह फरार नहीं है। हालांकि पुलिस जब बताए गए स्थान पर पहुंची तो वहां ताला लगा मिला।इसके बाद से पुलिस की जांच और सख्त हो गई है और कई ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
मोबाइल बंद, पूछताछ में भी नहीं मिला स्पष्ट सुराग
पुलिस ने निदा खान के पति से भी पूछताछ की है। पति ने दावा किया कि वह रिश्तेदार के यहां ठहरी हुई है, लेकिन इस दावे की पुष्टि नहीं हो सकी।पुलिस के अनुसार, आरोपी और उसके रिश्तेदारों के मोबाइल फोन बंद हैं, जिससे लोकेशन ट्रेस करने में दिक्कत आ रही है।
अग्रिम जमानत याचिका में गर्भवती होने का दावा
गिरफ्तारी से बचने के लिए निदा खान ने अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है, जिसमें उसने खुद को गर्भवती बताया है और राहत की मांग की है।
TCS ने किया सस्पेंड, जांच समिति गठित
मामला सामने आने के बाद TCS ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 अप्रैल को निदा खान को सस्पेंड कर दिया था और उसका सिस्टम एक्सेस भी बंद कर दिया गया है।कंपनी ने चार सदस्यीय आंतरिक जांच समिति का गठन किया है जो पूरे मामले की जांच कर रही है।
क्या है पूरा विवाद
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, कंपनी में कुछ कर्मचारियों द्वारा धर्म से जुड़े आपत्तिजनक टिप्पणियां की जाती थीं और कथित रूप से दबाव बनाया जाता था। इसके अलावा महिलाओं ने यौन उत्पीड़न और अनुचित व्यवहार के भी गंभीर आरोप लगाए हैं।कुछ आरोपों में यह भी कहा गया है कि कर्मचारियों पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया और शिकायत करने पर मामले को नजरअंदाज किया गया।
जांच जारी, पुलिस कर रही हर पहलू की पड़ताल
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में आगे और भी अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
































