


MP Weather News: मध्य प्रदेश के कई जिलों में फरवरी के महीने में ही दिन में गर्मी परेशान करने लगी है. मौसम विभाग के मुताबिक दो दिन बाद यानी 16 फरवरी के बाद प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल सकता है. कई जिलों में बादल छा सकते हैं. हालांकि, बारिश के कोई आसार नहीं हैं. जानें आज कैसा रहेगा मौसम-
मध्य प्रदेश मौसम समाचार
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल समेत 17 शहरों में दिन में पारा चढ़ने लगा है. तापमान बढ़ने की वजह से गर्मी का अहसास होने लगा है. वहीं, पचमढ़ी, खजुराहो और कटनी जैसी जगहों पर रातें अभी भी ठंडी बनी हुई हैं. मौसम विभाग के मुताबिक फरवरी महीने में प्रदेश में मौसम का यही मिजाज बना रहेगा यानी दिन में गर्मी और रात में ठंडी रहेगी. हालांकि, तेज ठंड नहीं पड़ेगी और न ही घना कोहरा छाएगा.
2 दिन बाद बदलेगा मौसम का मिजाज
मध्य प्रदेश में 16 फरवरी के बाद आसमान में बादल छा सकते हैं. यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण होगा. मौसम विभाग के अधिकारियों के मतुाबिक फिलहाल एक पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ जिलों में हल्के बादल छाए हुए हैं. 16 फरवरी से एक नया सिस्टम पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, जिसके चलते पूरे प्रदेश में बादल छाने की संभावना है. इस वजह से अगले दो दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है.
अब सिर्फ हल्की सर्दी का दौर
मौसम विभाग के मुताबिक वर्तमान में पहाड़ों पर बर्फबारी जारी है. सिस्टम के गुजरने और बर्फ पिघलने के बाद मौसम में एक बार फिर बदलाव आएगा, जिस वजह से हल्की सर्दी का एक और छोटा दौर आ सकता है.
अगले 2 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?
- 15 फरवरी 2026 को कुछ जिलों में हल्का कोहरा छाया रह सकता है. बारिश की कोई संभावना नहीं है. वहीं, दिन में कई जिलों में बादल छा सकते हैं.
- 16 फरवरी 2026 को सिर्फ कुछ ही जिलों में हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है. इस दिन बारिश का अलर्ट नहीं है, लेकिन दिन भर बादल छाए रहेंगे.
































