

बलरामपुर: छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित मोर गाँव-मोर पानी अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायतों में विभिन्न कार्य किये जा रहे हैं, जिसके अंतर्गत जिले में भी निर्माण कार्य किया जा रहा है।
कलेक्टर चन्दन
संजय त्रिपाठी के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत वाड्रफनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत रजखेता में मनरेगा के तहत 19.48 लाख रुपये की लागत से नवीन तालाब (नवा तरिया) निर्माण कार्य कराया जा रहा है।निर्माण कार्य से क्षेत्र में जल संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। तालाब निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र के 80 से अधिक श्रमिकों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध हो रहा है। जिससे वर्षा ऋतु में जल संचयन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित होगी। इससे भू-जल स्तर में सुधार होने के साथ-साथ ग्रामीणों को कृषि एवं दैनिक उपयोग हेतु जल उपलब्धता में भी लाभ मिलेगा।
ग्रामीणों में भी इस कार्य को लेकर उत्साह देखा जा रहा है तथा वे जल संरक्षण के महत्व को समझते हुए सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। जनपद पंचायत अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में डबरी निर्माण, नवीन तालाब निर्माण एवं पुराने तालाबों के गहरीकरण जैसे कार्य निरंतर कराए जा रहे हैं। इन कार्यों के माध्यम से जल संकट से निपटने के साथ-साथ ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रभावी प्रयास किया जा रहा है।
जनपद पंचायत सीईओ वाड्रफनगर निजामुद्दीन ने बताया कि शासन की मंशानुरूप जल संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीण श्रमिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मनरेगा कार्यों से जुड़कर स्थानीय स्तर पर रोजगार प्राप्त करें तथा जल संरक्षण अभियान को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।





















