बलरामपुर:  कलेक्टर  राजेंद्र कटारा ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की मासिक समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने पीएम आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, मनरेगा, आजीविका मिशन अंतर्गत कार्यों की समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ  नयनतारा सिंह तोमर, सर्व जनपद सीईओ तथा जिला पंचायत के सभी अधिकारी, अभियंता एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

बैठक में कलेक्टर ने मनरेगा अंतर्गत जनपदवार ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यों की स्वीकृति एवं पूर्णता की समीक्षा की। उन्होंने स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्ण हुए कार्यों में सीसी लगाने को कहा। इस दौरान उन्होंने मानव दिवस सृजन एवं मजदूरी भुगतान के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अपूर्ण आंगनबाड़ी भवनों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री कटारा ने नवा तरीया आय के जरिया योजना के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने बेहतर क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने तालाब गहरीकरण, डबरी निर्माण, आंगनबाड़ी भवन निर्माण एवं अन्य अधोसंरचनात्मक कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सभी निर्माणाधीन कार्यों को प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मनरेगा के माध्यम से अधिक से अधिक ग्रामीणों को पंचायतवार रोजगार उपलब्ध कराएं, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत निर्माणाधीन आवास एवं पूर्ण हुए आवासों के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने नियमित मैदानी भ्रमण कर कार्यों की सतत निगरानी करने, आवास चौपाल एवं जन चौपाल के माध्यम से हितग्राहियों से सीधा संवाद कर आवास पूर्ण करने हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिए। साथ ही पीएम जनमन आवासों की भी समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप प्रगति लाने को कहा।

कलेक्टर ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाने के लिए समूहों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ने, आयवर्धन के नवीन अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक समूह को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने हेतु योजनाबद्ध प्रयास करें।स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता स्थिति पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालयों के निर्माण कार्य को योजनाबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने विभागीय कार्यो की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए कहा कि सभी आपसी समन्वय से कार्यों में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि शासन के मंशानुरूप योजनाओं का लाभ पात्र जनों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी स्तर पर कार्य में बाधा उत्पन्न होती है या अनावश्यक विलंब किया जाता है या अनियमितता बरती जाती है तो संबंधितों पर कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए।

जिला पंचायत सीईओ श्रीमती तोमर ने कहा कि मैदानी स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग करते हुए प्रगति लाएं। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर जिन कार्यों के क्रियान्वयन में समस्या आ रही है, उन्हें समय पर उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाएं ताकि त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में सर्व जनपद सीईओ, सहायक परियोजना अधिकारी (मनरेगा), कार्यक्रम अधिकारी, सहायक प्रोग्रामर, प्रधानमंत्री आवास योजना के ब्लॉक समन्वयक एवं तकनीकी सहायक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!