रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां अब कमजोर पड़ने लगी हैं। मौसम विभाग के अनुसार 30 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अगले तीन से चार दिनों के दौरान भी ज्यादातर जिलों में बारिश की गतिविधियां सीमित रहने के आसार हैं। हालांकि सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ स्थानों पर स्थानीय परिस्थितियों के चलते हल्की बारिश हो सकती है।

बारिश में कमी के बीच प्रदेश के कई इलाकों में दिन के समय धूप और उमस का असर देखने को मिल सकता है। वहीं, रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट शुरू होने से खासकर उत्तरी छत्तीसगढ़ में सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। फिलहाल प्रदेश में किसी प्रभावी बड़े मौसम तंत्र के सक्रिय होने की जानकारी नहीं है।

राजनांदगांव सबसे गर्म, MCB सबसे ठंडा

बीते 24 घंटे के दौरान राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।इसके अलावा कोरिया में न्यूनतम तापमान 19.9 डिग्री, बलरामपुर में 20.1 डिग्री, सरगुजा में 20.4 डिग्री, सूरजपुर में 20.9 डिग्री और जशपुर में 21.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इन आंकड़ों से उत्तरी जिलों में रात के तापमान में गिरावट का संकेत मिल रहा है।

रायपुर में मौसम रहेगा सामान्य

राजधानी रायपुर में बुधवार को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। दोपहर के बाद कुछ समय के लिए हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना फिलहाल कम है। राजधानी में दिन का तापमान करीब 33 डिग्री और रात का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मंगलवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

कई जिलों में न्यूनतम तापमान 20 से 24 डिग्री के बीच

प्रदेश के कई अन्य जिलों में रात का तापमान 20 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। बिलासपुर और कोरबा में 24.2 डिग्री, रायगढ़ और जांजगीर-चांपा में 24.3 डिग्री तथा बलौदाबाजार में 24.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।बस्तर संभाग में भी रात का तापमान करीब 23 डिग्री के आसपास बना हुआ है। जगदलपुर में न्यूनतम तापमान लगभग 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

आगे कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्य और शुष्क रह सकता है। सरगुजा और बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। इस दौरान तापमान में बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।बारिश की गतिविधियां कम होने और आसमान साफ रहने से दिन में गर्मी व उमस का असर बढ़ सकता है। दूसरी ओर उत्तरी छत्तीसगढ़ में रात और सुबह के तापमान में गिरावट के चलते हल्की ठंडक का अहसास आने वाले दिनों में और बढ़ सकता है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!