कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में जमीन की खुदाई के दौरान नर कंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना पंडरिया थाना क्षेत्र के किशनगढ़ गांव की है, जहां जी राम जी योजना के तहत चल रहे काम के दौरान मजदूरों को जमीन में दबा कंकाल मिला। मौके के पास एक सड़ा-गला थैला और चप्पल भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और कंकाल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल मृतक की पहचान और कंकाल के पुराने होने की अवधि का पता नहीं चल पाया है।

खुदाई के दौरान मजदूरों को दिखा नर कंकाल

जानकारी के अनुसार, किशनगढ़ में जी राम जी योजना के तहत काम चल रहा था। यहां मजदूर जमीन की खुदाई कर रहे थे। इसी दौरान मिट्टी के भीतर नर कंकाल दिखाई दिया। अचानक कंकाल मिलने से मौके पर मौजूद मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई।खुदाई वाली जगह के पास सड़ा-गला थैला और एक चप्पल भी मिली है। हालांकि, इन वस्तुओं का कंकाल से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने नर कंकाल को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।

कंकाल की पहचान और उम्र का पता लगाना बाकी

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बरामद नर कंकाल किस व्यक्ति का है और वह कितने समय से जमीन में दबा हुआ था। मौके से मिले थैले और चप्पल को लेकर भी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। कंकाल की पहचान और उससे जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा जांच आगे बढ़ने के बाद ही हो सकेगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!