

रायगढ़: रायगढ़ जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी और उससे जुड़े हवाला नेटवर्क के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए एक संगठित सट्टा सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक करोड़ तीन लाख रुपये से अधिक की नकदी, मोबाइल फोन, नोट गिनने की मशीन और अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में साइबर सेल, कोतवाली और घरघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि यह नेटवर्क केवल सट्टेबाजी तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके जरिए ब्लैक मनी को हवाला चैनल के माध्यम से सफेद करने का संगठित कारोबार भी चल रहा था।
तीन प्रमुख आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में करन चौधरी, पुष्कर अग्रवाल और सुनील अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच और छापेमारी में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1 करोड़ 3 लाख 86 हजार 300 रुपये की संपत्ति जब्त की है, जिसमें बड़ी मात्रा में नकदी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, करन चौधरी इस पूरे नेटवर्क का मुख्य संचालक था, जो रायगढ़ सहित छत्तीसगढ़ के कई जिलों और अन्य राज्यों तक फैले सट्टा कारोबार को नियंत्रित करता था।
कैसे चलता था पूरा नेटवर्क
जांच में खुलासा हुआ कि सट्टे से अर्जित अवैध धन को सीधे बैंकिंग सिस्टम में न डालकर अलग-अलग व्यापारिक चैनलों, परिचितों और नकद डंपिंग के जरिए घुमाया जाता था। इसके बाद हवाला नेटवर्क के माध्यम से इस धन को सफेद किया जाता था।पुष्कर अग्रवाल और सुनील अग्रवाल पर आरोप है कि वे इस मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क के अहम हिस्से थे और फ्लैट में बैठकर बड़े पैमाने पर नकदी को संभालते और आगे ट्रांसफर करते थे।छापेमारी के दौरान पुलिस ने कृष्ण प्राइड टावर स्थित फ्लैट से लगभग 50 लाख और 52 लाख से अधिक की नकदी अलग-अलग स्थानों से बरामद की।
तकनीकी जांच से खुला पूरा खेल
पुलिस ने मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, चैट हिस्ट्री, यूपीआई ट्रांजेक्शन और वित्तीय लेनदेन का विश्लेषण कर पूरे सिंडिकेट की परतें खोलीं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहचान छिपाने के लिए अपने खातों के बजाय अन्य लोगों के बैंक अकाउंट और मोबाइल नंबरों का उपयोग करते थे।
पुराने मामलों से भी जुड़ा है आरोपी
मुख्य आरोपी करन चौधरी के खिलाफ पहले से ही जुआ-सट्टा, मारपीट, रंगदारी, अपहरण और अन्य गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर पहले भी प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।
फरार आरोपी की तलाश जारी
इस नेटवर्क से जुड़े एक अन्य आरोपी जसमीत सिंह बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार की तलाश पुलिस कर रही है। जांच एजेंसियों का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से और बड़े खुलासे हो सकते हैं।





















