
LPG e-KYC: मध्य प्रदेश में घरेलू गैस सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले लाखों उपभोक्ताओं के लिए आने वाले कुछ दिन बेहद अहम हैं। आधार आधारित बायोमेट्रिक ई-केवाईसी पूरी करने की निर्धारित समय सीमा अब करीब आ गई है। उपभोक्ताओं के पास यह प्रक्रिया पूरी करने के लिए 23 अगस्त तक का मौका बताया जा रहा है।प्रदेश में करीब 1.25 करोड़ LPG उपभोक्ता हैं। इनमें से लगभग 1 करोड़ लोगों का ई-केवाईसी सत्यापन पूरा हो चुका है, जबकि करीब 25 लाख उपभोक्ता अभी भी इस प्रक्रिया से बाहर हैं। ऐसे में जिन लोगों ने अब तक सत्यापन नहीं कराया है, उनके लिए समय रहते प्रक्रिया पूरी करना जरूरी हो गया है।
भोपाल में भी बड़ी संख्या में उपभोक्ता अभी ई-केवाईसी से बाहर
राजधानी भोपाल में करीब 8 लाख घरेलू गैस उपभोक्ता बताए जा रहे हैं। इनमें से लगभग 1.28 लाख लोगों ने अभी तक आधार आधारित बायोमेट्रिक ई-केवाईसी पूरी नहीं की है। यानी बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को अभी यह प्रक्रिया पूरी करनी बाकी है।
तेल कंपनियां SMS भेजकर उपभोक्ताओं को कर रहीं अलर्ट
जिन उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी लंबित है, उन्हें तेल कंपनियों की ओर से लगातार SMS भेजे जा रहे हैं। संदेशों के जरिए उपभोक्ताओं से समय सीमा के भीतर सत्यापन पूरा करने की अपील की जा रही है।हालांकि, ई-केवाईसी नहीं कराने पर घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति रोकने या उपभोक्ता को सीधे कमर्शियल दर पर सिलेंडर देने के संबंध में अभी कोई स्पष्ट लिखित आदेश सामने नहीं आया है।
बुकिंग और डिलीवरी को लेकर शिकायतों ने बढ़ाई उपभोक्ताओं की चिंता
दूसरी ओर कुछ गैस एजेंसी संचालकों के पास ऐसे उपभोक्ताओं की शिकायतें पहुंचने की जानकारी है, जिनकी बुकिंग रद्द होने या सिलेंडर की डिलीवरी नहीं मिलने जैसी समस्याएं सामने आई हैं। इससे उन लोगों की चिंता बढ़ गई है, जिनका ई-केवाईसी अब तक पूरा नहीं हुआ है।ऐसे में उपभोक्ताओं के लिए बेहतर होगा कि वे अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय जल्द से जल्द अपनी गैस एजेंसी से संपर्क कर ई-केवाईसी की स्थिति और जरूरी प्रक्रिया की जानकारी ले लें।




















