
अंबिकापुर: सरगुजा जिले में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 22.800 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब और तस्करी में प्रयुक्त सफेद स्कार्पियो वाहन जब्त किया है। जब्त मशरूके की कुल अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को थाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खैरबार रोड पर गाड़ा घाट से आगे एक सफेद स्कार्पियो वाहन क्रमांक CG 15 DX 7048 में दो व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम ने ग्राम खैरबार में घेराबंदी कर संदिग्ध स्कार्पियो वाहन को रोक लिया। पूछताछ में वाहन सवारों की पहचान रितेश राजवाड़े (26 वर्ष), पिता मिठाउ राम राजवाड़े और ठाकुर प्रसाद राजवाड़े (20 वर्ष), पिता रविन्द्र राजवाड़े, निवासी भिट्टीकला मांझापारा, थाना मणीपुर के रूप में हुई।वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को दो कार्टून में रखी अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब मिली। इसमें कंगारो 10000 स्ट्रॉन्ग बीयर की 24 बोतलें, ग्रीन लेबल व्हिस्की के 10 पाव, फ्रंट लाइन व्हिस्की के 10 पाव और गोवा स्पेशल व्हिस्की के 20 पाव शामिल थे। कुल शराब की मात्रा 22.800 लीटर पाई गई।पुलिस द्वारा शराब के परिवहन, भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 816/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना कोतवाली के निरीक्षक सुमेश सिंह, प्रधान आरक्षक सतीश सिंह, प्रधान आरक्षक मुकेश गुप्ता, आरक्षक कैसे सोनी, सुरेश गुप्ता, अमरेश दास, संजीव चौबे, संजीव पाण्डेय एवं अभिषेक सिंह की सक्रिय भूमिका रही।











