
सूरजपुर: इम्पैक्ट इंडिया फाउंडेशन का लाइफ लाइन एक्सप्रेस विश्रामपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-02 पर जिलेवासियों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, उपचार एवं शल्य चिकित्सा की सुविधा प्रदान कर रहा है। 16 अगस्त से शुरू हुए स्वास्थ्य शिविर में अब तक कुल 1944 मरीजों की जांच की जा चुकी है, जिसमें 1820 नेत्र रोग तथा 124 स्त्री रोग से संबंधित मरीज शामिल हैं। नेत्र रोग से संबंधित मरीजों में अब तक मोतियाबिंद के मरीजों का ऑपरेशन किया जा रहा है। स्त्री रोग के अंतर्गत स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की जांच एवं स्क्रीनिंग 16 से 21 अगस्त तक की जा रही है। इस दौरान अब तक 124 महिलाओं की जांच की जा चुकी है।
इस चलित अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच एवं उपचार किया जा रहा है। शिविर में प्रतिदिन सुबह 09ः00 बजे से शाम 04ः00 बजे तक ओपीडी संचालित हो रही है। नेत्र रोग के अंतर्गत 16 से 21 अगस्त तक आंखों की जांच तथा 17 से 22 अगस्त तक सर्जरी की जा रही है। मोतियाबिंद एवं दृष्टिदोष से संबंधित मरीजों को आवश्यकतानुसार शल्य चिकित्सा की सुविधा दी जा रही है। सर्जरी के बाद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां एवं चश्मा भी उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त कान की जांच, मध्य कर्ण शल्य क्रिया एवं ऑडियोमेट्री के लिए 22 से 27 अगस्त तक जांच तथा 23 से 28 अगस्त तक ऑपरेशन किए जाएंगे। मुड़े हुए हाथ-पैर, 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों की अस्थि सुधार सर्जरी तथा प्लास्टिक सर्जरी के लिए 28 से 31 अगस्त तक जांच और 29 अगस्त से 01 सितंबर तक ऑपरेशन निर्धारित हैं। दांतों की जांच एवं उपचार 01 से 05 सितंबर तक किया जाएगा। कलेक्टर रेना जमील ने जिलेवासियों से अपील की है कि लाइफ लाइन एक्सप्रेस के माध्यम से जिले में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उनके घर के निकट उपलब्ध हुई हैं। उन्होंने नागरिकों से इस निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।शिविर में आने वाले मरीजों के लिए आधार कार्ड, वोटर आईडी अथवा अन्य वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य है। भर्ती होने वाले मरीज के साथ केवल एक सहयोगी को रुकने की अनुमति होगी।शिविर एवं स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 7039673973 अथवा कार्यक्रम समन्वयक योगेश के मोबाइल नंबर 8826547301 पर संपर्क किया जा सकता है।




















