

अंबिकापुर/बतौली। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में जमीन विवाद ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। बतौली थाना क्षेत्र के सिलमा चिटकाही गांव में विवादित कृषि भूमि पर धान की बुआई को लेकर हुए संघर्ष में एक किसान की कथित तौर पर ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पत्नी और बेटों के सामने हुई हत्या
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान होंशराम पैंकरा के रूप में हुई है। घटना रविवार, 14 जून की सुबह करीब 11:30 बजे की है। शिकायतकर्ता धनेश्वरी पैंकरा ने बताया कि उनके परिवार और दूसरे पक्ष के बीच सिलमा चिटकाही स्थित एक कृषि भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।धनेश्वरी के मुताबिक, परिवार वर्षों से उक्त भूमि पर खेती करता आ रहा था। हालांकि, राजस्व अभिलेखों में नामांतरण और न्यायालयीन प्रक्रिया के बाद भूमि दूसरे पक्ष के नाम दर्ज हो गई थी। इसके बावजूद कब्जे और खेती को लेकर विवाद लगातार बना हुआ था।
13 जून को हुई बुआई, अगले दिन बढ़ा विवाद
परिजनों के अनुसार, 13 जून को उन्होंने विवादित भूमि पर ट्रैक्टर से जुताई कर धान की बुआई की थी। इसकी जानकारी मिलने पर दूसरे पक्ष के लोग 14 जून को ट्रैक्टर लेकर खेत पहुंचे और वहां दोबारा बुआई शुरू कर दी।जब होंशराम पैंकरा अपनी पत्नी और दोनों बेटों हेमंत व महेंद्र के साथ मौके पर पहुंचे और धान बोने का विरोध किया, तो दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
मारपीट के बाद ट्रैक्टर से कुचलने का आरोप
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने पहले गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि ट्रैक्टर चला रहे उमेश पैंकरा ने पहले हेमंत पैंकरा को कुचलने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी तरह बच निकला।परिजनों का आरोप है कि इसके बाद अन्य आरोपियों ने होंशराम पैंकरा को खेत की मेड़ से नीचे धक्का दे दिया। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक ने पहले उन्हें टक्कर मारी और फिर दोबारा ट्रैक्टर चढ़ाकर कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बतौली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा।जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से ट्रैक्टर, लाठी-डंडे समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
आठ आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए
पुलिस ने मामले में भुवनेश्वर पैंकरा, बजरंग लाल, रघुनंदन पैंकरा, मनोज कंवर, उमेश पैंकरा, बोधन पैंकरा, कमलेश्वरी पैंकरा और प्यारी पैंकरा को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
सरगुजा पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में बतौली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार सेंगर, उपनिरीक्षक आभाष मिंज और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















