पटना/कोरिया: कोरिया जिले की पटना पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें और एक महिंद्रा ट्रैक्टर बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार थाना पटना में दर्ज विभिन्न वाहन चोरी के मामलों की जांच के दौरान लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर विशेष टीम गठित की गई थी। विवेचना और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी सूर्यकांत राजवाड़े को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें संगठित वाहन चोरी नेटवर्क का खुलासा हुआ।जांच में सामने आया कि आरोपी मास्टर चाबी की मदद से विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करता था। चोरी के बाद वाहनों की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट, बैटरी, पैनल और अन्य हिस्सों को बदल दिया जाता था। इसके बाद वाहनों को ग्रामीण इलाकों में कम कीमत पर बेच दिया जाता था या किराये पर चलाने के लिए दिया जाता था।पुलिस ने आरोपी के सहयोगी पवन प्रजापति, गिरजा सूर्यवंशी और जमील अंसारी के कब्जे से भी चोरी की कई मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में एचएफ डीलक्स, होंडा शाइन, प्लैटिना, राइडर और यामाहा आर-15 समेत अन्य बाइक शामिल हैं।जांच के दौरान यह भी पता चला कि 28 मार्च 2026 की रात ग्राम कुचला निवासी तरुण कुमार सोलंकी के घर से करीब 7.50 लाख रुपये कीमत का महिंद्रा ट्रैक्टर चोरी किया गया था। पुलिस ने ट्रैक्टर को सूरजपुर जिले के बरौल गांव से बरामद कर लिया है, जहां आरोपी ने उसे अपने रिश्तेदार के यहां छिपाकर रखा था।बरामद वाहन कोरिया जिले के अलावा सूरजपुर और अंबिकापुर के विभिन्न क्षेत्रों से मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि गिरोह द्वारा चोरी किए गए अन्य वाहन भी अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे गए हैं, जिनकी तलाश जारी है।पूछताछ में यह तथ्य भी सामने आया है कि गिरोह के संचालन में दो नाबालिगों का भी उपयोग किया जाता था। इस संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा, पुलिस अधीक्षक कोरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे एवं एसडीओपी राजेश साहू के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रमोद पाण्डेय और उनकी टीम द्वारा की गई।

पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!