

कोरिया: कोरिया पुलिस ने सराफा बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी की वारदात का महज आधे घंटे में पर्दाफाश करते हुए दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए करीब 62 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 मई 2026 को बैकुण्ठपुर के सराफा बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान में ग्राहक बनकर पहुंची दो महिलाओं ने दुकानदार की नजर बचाकर सोने एवं चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे के नेतृत्व में थाना बैकुण्ठपुर और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की गई।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से प्राप्त जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों महिलाओं ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गए लगभग 62 हजार रुपये मूल्य के सभी आभूषण बरामद कर लिए। पुलिस ने इस मामले में खुशबू सोनवानी (19 वर्ष) और सुनीता सोनवानी (35 वर्ष) दोनों निवासी केनापारा, जिला कोरिया को गिरफ्तार किया है।आरोपियों के खिलाफ थाना बैकुण्ठपुर में अपराध क्रमांक 171/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की वारदात का शीघ्र खुलासा होने पर व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। कोरिया पुलिस ने इस सफलता को टीमवर्क, तकनीकी दक्षता और सतर्क जांच का परिणाम बताया है।





















