बलरामपुर: कलेक्टर  चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 अंतर्गत जिले में धान उठाव को लेकर अपर कलेक्टर आर.एस. लाल ने संबंधित अधिकारियों, सहकारी समितियों एवं उपार्जन केंद्र प्रभारियों, राईस मिलर्स की समीक्षा बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान उठाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी उन्होंने निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

अपर कलेक्टर श्री लाल ने कहा कि उपार्जन केंद्रों में भौतिक रूप से उपलब्ध धान का शीघ्र उठाव कर लेखा मिलान सुनिश्चित करें। उन्होंने उपार्जन केंद्रवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने एवं पारदर्शिता के साथ कार्य संपादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन उपार्जन केंद्रों में धान की मात्रा अधिक है, वहां संबंधित मिलर्स से समन्वय स्थापित कर शीघ्र संपूर्ण धान का उठाव कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी केंद्रों में पर्याप्त संख्या में हमाल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि उठाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि शासन की मंशानुरूप धान उपार्जन एवं उठाव कार्यों का प्रभावी संचालन प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

अपर कलेक्टर ने निर्देशित करते हुए कहा कि जिन केंद्रों में धान की शॉर्टेज अधिक पाई पाई जाएगी, वहां तत्काल जांच कर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।बैठक में जिला खाद्य अधिकारी, जिला विपणन अधिकारी, सहकारिता विभाग के अधिकारी, उपार्जन केंद्र प्रभारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!