सूरजपुर: कलेक्टर  रेना जमील के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी  शुभम बंसल के मार्गदर्शन में शासकीय एवं निजी विद्यालयों में बाल सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला बाल संरक्षण अधिकारी  मनोज जायसवाल के नेतृत्व में विश्रामपुर के निजी स्कूल मे मिडिल कक्षाओं के बच्चों को बाल संरक्षण के विभिन्न विषयों पर जागरूक किया गया।

जिला बाल संरक्षण अधिकारी  मनोज जायसवाल ने बच्चों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम पॉक्सो एक्ट के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को सेफ टच और अनसेफ टच का अर्थ समझाया और हमेशा सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने  विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि यदि कहीं भी किसी का स्पर्श असहज लगे तो इसकी जानकारी तुरंत अपने अभिभावकों को दें या टोल फ्री नंबर 1098,181,112 पर भी साझा कर सकते हैं।इस दौरान बाल विवाह के संबंध में जागरूक किया  गया और कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना देने की बात कही। साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए विद्यार्थियों को बताया गया कि मोबाइल एवं इंटरनेट के माध्यम से ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक और बैंक खातों से अनधिकृत राशि हस्तांतरण जैसी घटनाएं हो रही हैं। विद्यार्थियों को मोबाइल का उपयोग अभिभावकों की निगरानी में करने तथा अनजान व्यक्तियों से व्यक्तिगत जानकारी एवं ओटीपी साझा नहीं करने की समझाइश दी गई।

यातायात जागरूकता के दौरान जानकारी दी गई कि निर्धारित आयु से पहले एवं बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाना कानूनन अपराध है तथा इससे गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। विद्यार्थियों को निर्धारित आयु एवं लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही वाहन चलाने तथा अपने अभिभावकों को हेलमेट पहनने एवं यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

किशोर न्याय अधिनियम की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को बताया गया कि अधिनियम की धारा 77 एवं 78 में बच्चों को नशीले पदार्थ उपलब्ध कराने तथा नशीले पदार्थों के परिवहन एवं विक्रय में उनका उपयोग करने पर दंडात्मक प्रावधान हैं। विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए इससे दूर रहने तथा शिक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने की समझाइश दी।कार्यक्रम में फरजाना अंसारी ने सखी केंद्र में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी और बालिकाओं को विशेष रूप से स्वच्छता का ध्यान रखने की बात कही।कार्यक्रम में चाइल्डलाइन से  दिनेश यादव सहित संस्था के प्राचार्य एवं शिक्षकगण उपस्थित थे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!