दुर्ग में भाजपा कार्यालय उद्घाटन और विकास कार्यों की सौगात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुर्ग जिले में भारतीय जनता पार्टी के नए भिलाई जिला कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने भिलाई नगर निगम क्षेत्र में 260 करोड़ रुपए की लागत से तैयार विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण किया। इसमें लगभग 241 करोड़ रुपए के 66 कार्यों का भूमि पूजन और 19 करोड़ रुपए की लागत से 46 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

सीएम ने कहा कि यह नया कार्यालय कार्यकर्ताओं के लिए ऊर्जा का केंद्र बनेगा और यहां से पार्टी जनता तक और मजबूती से पहुंचेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

नक्सलवाद पर बड़ा बयान

कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री साय ने नक्सलवाद पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि बीते 20 महीनों में छत्तीसगढ़ पुलिस और सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ लगातार मोर्चा संभाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलवाद से मुक्त करने का संकल्प लिया है। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि छत्तीसगढ़ जल्द ही नक्सल मुक्त होगा, क्योंकि नक्सली अब आत्मसमर्पण कर रहे हैं और सुरक्षा बल बड़ी वारदातों को रोकने में सफल हो रहे हैं।

भाजपा नेताओं की मौजूदगी

इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार के पांच सालों में अपराध बढ़ा था, लेकिन भाजपा सरकार बनने के बाद अपराध पर नियंत्रण हो रहा है और कानून व्यवस्था मजबूत हो रही है। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम अरुण साव, पवन साव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय, विधायक रिकेश सेन, गजेंद्र यादव और डोमनलाल कोर्सेवाड़ा भी मौजूद रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!