रायपुर:  छत्तीसगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर ग्रीष्मकालीन अवकाश की तारीख में बदलाव कर दिया है। अब प्रदेश के सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त, गैर अनुदान प्राप्त और अशासकीय स्कूलों में 20 अप्रैल 2026 से ही छुट्टियां लागू होंगी।

पहले जारी आदेश के अनुसार 1 मई से 15 जून 2026 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया गया था, लेकिन तापमान में लगातार बढ़ोतरी और बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले खतरे को देखते हुए शासन ने अवकाश को पहले ही लागू करने का निर्णय लिया है। संशोधित आदेश के तहत अब 20 अप्रैल से 15 जून 2026 तक स्कूल बंद रहेंगे।हालांकि, यह अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए रहेगा। शिक्षकों पर यह आदेश लागू नहीं होगा और वे पूर्व निर्धारित निर्देशों के अनुसार अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहेंगे।
स्कूल शिक्षा विभाग के अवर सचिव आर.पी. वर्मा द्वारा जारी इस आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पूर्व में जारी आदेश की अन्य शर्तें यथावत रहेंगी।

गौरतलब है कि प्रदेश में इन दिनों तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है और लू के थपेड़ों ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!