

अम्बिकेश गुप्ता
कुसमी: जिला बलरामपुर -रामानुजगंज के जनपद पंचायत कुसमी अंतर्गत ग्राम पंचायत प्रेमनगर में जिला पंचायत विकास निधि मद से स्वीकृत खेल मैदान निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया गया। लगभग 4 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस खेल मैदान से क्षेत्र के युवाओं और बच्चों को खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष हिरामुनी निकुंज उपस्थित रहीं, वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष अशोक सोनी ने सहभागिता निभाई। भूमि पूजन के दौरान अतिथियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं का विकास अत्यंत आवश्यक है, जिससे युवाओं की प्रतिभा निखरेगी और वे खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ सकेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि शासन द्वारा ग्रामीण विकास के लिए लगातार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कार्य कराए जा रहे हैं, जिनका लाभ सीधे गांव के लोगों को मिल रहा है। खेल मैदान निर्माण से गांव के बच्चों और युवाओं को अभ्यास का उचित स्थान मिलेगा, जिससे वे शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनेंगे।
इस अवसर पर बिंदु सिंह, कृष्ण मुरारी सोनी, पारस पाल, इंदर निकुंज, ग्राम पंचायत प्रेमनगर के सरपंच मुरली राम, दुर्गा कश्यप, हरीश, रामचंद्र, उपेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने इस विकास कार्य के लिए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण होगा।

































