

बलरामपुर।कृषि आदान (खाद, बीज एवं कीटनाशक) व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर छ.ग. एग्रो इनपुट डीलर्स एसोसिएशन (AIDA) के बैनर तले प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन जिला प्रशासन के माध्यम से प्रेषित किया गया है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि देशभर के कृषि आदान व्यापारी लंबे समय से विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं। कई बार संबंधित केंद्र आए राज्य सरकारों के सम्बंधित अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद इनका निराकरण नहीं होने पर व्यापारियों ने 27 अप्रैल 2026 को एक दिवसीय देशव्यापी सांकेतिक हड़ताल करने की चेतावनी दी है।
व्यापारियों ने अपनी मांगों में खाद के साथ अन्य उत्पादों की जबरन लिंकिंग पर प्रतिबंध लगाने, FOR (फ्री ऑन रोड) आपूर्ति व्यवस्था लागू करने, डीलर मार्जिन बढ़ाकर न्यूनतम 8 प्रतिशत करने और साथी (SATHI) पोर्टल में राहत देने की मांग की है। इसके अलावा एचटीबीटी बीज नीति में स्पष्टता, अवैध बीजों की बिक्री पर रोक तथा गुणवत्ता विवाद की स्थिति में विक्रेताओं को आरोपी के बजाय साक्षी का दर्जा देने की बात कही गई है।ज्ञापन में यह भी मांग उठाई गई है कि कंपनियों के लिए एक्सपायरी या अनबिके स्टॉक को वापस लेना अनिवार्य किया जाए। साथ ही नए बीज एवं कीटनाशक विधेयक 2025 में रिटेल डीलरों के लिए बनाए गए कड़े प्रावधानों को सरल करने की आवश्यकता जताई गई है।व्यापारियों का कहना है कि किसानों की शिकायतों पर कार्रवाई से पहले जिला स्तर पर समिति गठित कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त लाइसेंस प्रक्रिया को सरल बनाने और अनावश्यक जटिलताओं को समाप्त करने की भी मांग की गई है।
ज्ञापन के अंत में व्यापारियों ने उपरोक्त समस्याओं के उचित निराकरण के लिए उर्वरक एवं रसायन मंत्रालय के साथ-साथ केंद्रीय कृषि मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देशित करने तथा आगागी एक माह में इन समस्याओं के उचित निराकरण हेतु ठोस कदम उठाने की मांग की है। अन्यथा वेआगामी खरीफ सीजन के पूर्व मजबूरी में अनिश्चितकालीन बंद करना पड़ेगा जिससे देश के कृषि उत्पादन पर विपरीत प्रभाव होने के साथ-साथ किसानों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ेगा जिसका असर कृषि आपूर्ति व्यवस्था पर पड़ सकता है।

































