ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। बिसरख थाना क्षेत्र की महागुन मायवुड्स सोसायटी में 23वीं मंजिल की बालकनी से गिरकर पिता और उनके 11 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों पूजा के लिए बालकनी से फूल तोड़ रहे थे। इसी दौरान बच्चे का पैर फिसल गया। उसे बचाने की कोशिश में पिता ने भी अपना संतुलन खो दिया और दोनों नीचे जा गिरे। घटना के बाद सोसायटी में चीख-पुकार मच गई।

पूजा के लिए फूल तोड़ते समय हुआ हादसा

मिली जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान करीब 40 वर्षीय रणदीप पात्रा और उनके 11 साल के बेटे आरव के रूप में हुई है। दोनों महागुन मायवुड्स सोसायटी की 23वीं मंजिल पर रहते थे। परिवार को सुबह खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए जाना था। इसी वजह से घर में जल्दी निकलने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान रणदीप और उनका बेटा पूजा के लिए बालकनी से फूल तोड़ने लगे।

बेटे को बचाने के प्रयास में पिता ने भी गंवाया संतुलन

फूल तोड़ते समय अचानक आरव का पैर फिसल गया और वह बालकनी से नीचे की ओर लटक गया। बेटे को इस स्थिति में देखकर रणदीप उसे बचाने के लिए आगे बढ़े। इसी दौरान उनका भी संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते पिता और बेटा दोनों 23वीं मंजिल से नीचे गिर गए। ऊंचाई से गिरने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

हादसे की जानकारी मिलते ही सोसायटी में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर बिसरख थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती सूचना में 23वीं मंजिल से दो लोगों के गिरने की जानकारी मिली थी। मौके पर पहुंचने पर दोनों की पहचान पिता-पुत्र के रूप में हुई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!