

बलरामपुर: बलरामपुर जिले के चांदो थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान अपने ही दादा की धारदार हथियार से हत्या कर फरार हुए युवक को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना चांदो में नवाडीह निवासी मुनिया केरकेटा (64 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7 जून को उनके पति भुवनेश्वर केरकेटा (65 वर्ष) घर पर मौजूद थे। इसी दौरान उनका नाती अरुण केरकेटा (20 वर्ष) घर पहुंचा। बातचीत के दौरान भुवनेश्वर केरकेटा ने अरुण को नहाने, कपड़े धोने और कोई कामकाज नहीं करने को लेकर समझाइश दी।इस बात से नाराज होकर अरुण केरकेटा ने घर के कमरे में रखे बसूला से अपने दादा के सिर और गले पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण भुवनेश्वर केरकेटा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
परिजनों की शिकायत पर थाना चांदो में अपराध क्रमांक 21/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विभिन्न थाना-चौकियों की टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया।जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी जिले से बाहर भागने की फिराक में राजपुर-बरियों क्षेत्र की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना चांदो और थाना राजपुर की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को राजपुर से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया है।





















