
रायपुर। कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में वंदे मातरम् को लेकर पारित प्रस्ताव पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लंबे समय से तुष्टिकरण की राजनीति करती रही है और CWC का ताजा प्रस्ताव इसी सोच को आगे बढ़ाता है।अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस का यह कदम देश के साथ धोखे के समान है। उन्होंने कांग्रेस पर मुस्लिम परस्त राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी मुस्लिम लीग की विचारधारा की दिशा में आगे बढ़ रही है। उनके मुताबिक, CWC के प्रस्ताव ने कांग्रेस की तुष्टिकरण की राजनीति को फिर सामने ला दिया है।
अधिकारी से गाली-गलौच के मामले पर भी कांग्रेस को घेरा
अभनपुर में कांग्रेस नेता द्वारा एक अधिकारी के साथ कथित तौर पर गाली-गलौच किए जाने वाले वीडियो को लेकर भी उप मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है।अरुण साव ने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल के मुख्यमंत्री रहते अधिकारियों पर दबाव बनाकर काम कराने की संस्कृति रही होगी। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के साथ इस तरह का व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है: अरुण साव
उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है और पार्टी नेताओं की भाषा तथा राजनीतिक गतिविधियों का स्तर लगातार नीचे जा रहा है।उन्होंने दावा किया कि यदि कांग्रेस में यही स्थिति बनी रही तो पार्टी के सामने अपना राजनीतिक अस्तित्व बचाने की चुनौती खड़ी हो सकती है।
कुर्सी की लड़ाई पर BJP और कांग्रेस में फर्क बताया
सोशल मीडिया पर कांग्रेस के बीच कथित कुर्सी की लड़ाई से जुड़े पोस्ट को लेकर अरुण साव ने कहा कि सत्ता और पद को लेकर खींचतान कांग्रेस के भीतर दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा में इस तरह का विवाद नहीं है और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पार्टी के नेता हैं।अरुण साव ने कहा कि भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है। उनके मुताबिक पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर किसी तरह की खींचतान नहीं है, जबकि कांग्रेस के नेताओं के बीच मतभेद सार्वजनिक रूप से नजर आ रहे हैं।
शराब घोटाले की ED जांच पर भी आया बयान
कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के करीबियों से जुड़े ठिकानों पर ED की कार्रवाई को लेकर भी उप मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि शराब घोटाले की जांच प्रवर्तन निदेशालय कर रहा है और कार्रवाई जांच प्रक्रिया का हिस्सा है।गौठान योजना को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर अरुण साव ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान गौठान से जुड़े मामलों में भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इन मुद्दों पर जवाब देना चाहिए। वहीं राज्य सरकार गौ धाम योजना को तेजी से आगे बढ़ा रही है।
सोशल मीडिया से जनता तक पहुंचेगी सरकारी योजनाओं की जानकारी
विभागीय अधिकारियों के सोशल मीडिया पर सक्रिय होने और GEN Z से जुड़ने को लेकर अरुण साव ने कहा कि वर्तमान समय डिजिटल माध्यमों का है। सरकार की योजनाओं और विभागीय गतिविधियों की जानकारी जनता तक समय पर पहुंचाना जरूरी है।उन्होंने अधिकारियों से सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग करने की जरूरत बताई, ताकि सरकारी कामकाज और जनहित से जुड़ी जानकारी आम लोगों तक तेजी से पहुंच सके।




















