सूरजपुर: किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनवाकर लाखों रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर धोखाधड़ी और रकम गबन करने वाले आरोपी को प्रेमनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पिछले लंबे समय से फरार चल रहा था और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।

जानकारी के अनुसार प्रेमनगर थाना क्षेत्र के चंदननगर निवासी मोतीराम सिंह (42) ने 1 मई 2026 को थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2022 में गांव के ही गोरेलाल सिंह ने किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से 3 से 4 लाख रुपये का लोन दिलाने और उसका आधा हिस्सा माफ हो जाने का झांसा दिया था। आरोपी ने प्रार्थी और उसके पिता भुनेश्वर सिंह के संयुक्त खाते से दो लोन स्वीकृत कराकर कुल 9 लाख 95 हजार रुपये निकलवा लिए।

आरोप है कि गोरेलाल ने प्रार्थी को केवल एक लाख रुपये दिए और शेष राशि खुद रख ली। साथ ही चेकबुक और एटीएम कार्ड अपने कब्जे में लेकर खाते से पूरी रकम निकाल ली। मामले में प्रेमनगर थाना में धारा 420 एवं 120-बी के तहत अपराध दर्ज किया गया था।

डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान आरोपी के करजी क्षेत्र में होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने प्रार्थी के अलावा अन्य ग्रामीणों के साथ भी धोखाधड़ी कर रकम हड़पने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल, टीवीएस इलेक्ट्रिक स्कूटी, स्टेट बैंक का चेकबुक और एटीएम कार्ड जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपी गोरेलाल सिंह (48) निवासी चंदननगर, थाना प्रेमनगर को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी विराट बिशी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!