

अम्बिकेश गुप्ता
कुसमी। छत्तीसगढ़ प्रदेश में कांग्रेस पार्टी द्वारा संचालित ‘गांव चलो, संगठन सृजन अभियान’ के तहत संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में कुसमी क्षेत्र में लगातार सक्रियता देखी जा रही है। इसी कड़ी में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुसमी के अध्यक्ष हरीश मिश्रा के निर्देशन में नगर पंचायत कुसमी के दर्रीपारा स्थित वार्ड क्रमांक 15 में बूथ कांग्रेस कमेटी का विधिवत गठन किया गया।
यह गठन स्थानीय वार्डवासियों की सहमति एवं सहभागिता से संपन्न हुआ, जिससे संगठन के प्रति लोगों की सक्रिय भागीदारी भी स्पष्ट रूप से देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक महत्वपूर्ण बना दिया। इस अवसर पर कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद भगत, कुसमी मंडल अध्यक्ष पंकज दुबे, सक्रिय कार्यकर्ता सद्दाम खान सहित वार्ड के प्रमुख नागरिक मुनेश्वर, कमलेश एवं शोभनाथ उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर नवगठित बूथ कमेटी को संगठन के मूल उद्देश्यों से अवगत कराया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि ‘गांव चलो, संगठन सृजन अभियान’ का मुख्य उद्देश्य पार्टी को बूथ स्तर तक सशक्त बनाना है। उन्होंने बताया कि जब संगठन मजबूत होगा, तभी आम जनता की समस्याओं को प्रभावी ढंग से शासन-प्रशासन तक पहुंचाया जा सकेगा। बूथ कमेटी को पार्टी की रीढ़ बताते हुए कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर जनसंपर्क बढ़ाने, आमजन की समस्याएं सुनने और उन्हें समाधान दिलाने के लिए प्रयासरत रहने की अपील की गई। नेताओं ने यह भी कहा कि आने वाले समय में संगठन की मजबूती ही पार्टी की सफलता की कुंजी होगी, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

































