लखनपुर/ प्रिंस सोनी: अमेरा ओपन कास्ट कोयला खदान एक बार फिर विवादों में घिर गई है। खदान में काम कर रहे एलसीसी कंपनी के ठेकेदार और दैनिक वेतनभोगी मजदूरों के बीच हुए विवाद ने बुधवार देर रात बड़ा रूप ले लिया, जिसके बाद खदान में तनाव का माहौल बन गया। घटना के बाद मजदूरों ने हड़ताल पर बैठते हुए काम बंद कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमेरा खदान में कोयला उत्खनन का कार्य एलसीसी कंपनी द्वारा कराया जा रहा है। बुधवार रात ओवरटाइम काम को लेकर ठेकेदार और मजदूरों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। मजदूरों का आरोप है कि उनसे सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक काम कराया जाता है और विरोध करने पर लाठी-डंडे से डराया जाता है। साथ ही उन्हें निर्धारित मानक के अनुसार वेतन भी नहीं दिया जा रहा है।

वहीं एलसीसी कंपनी के मैनेजर राघवेंद्र पांडेय ने मजदूरों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कुछ मजदूर शराब के नशे में थे और उन्होंने हंगामा किया। उनके अनुसार, केवल हल्की धक्का-मुक्की हुई है और ओवरटाइम का भुगतान नियमों के अनुसार किया जाता है।

घटना की सूचना मिलने पर एसडीओपी तुल सिंह पट्टवी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाइश दी। इस दौरान मजदूरों और पुलिस के बीच तीखी बहस भी हुई, लेकिन काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। फिलहाल किसी भी पक्ष द्वारा थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।घटना के बाद से दैनिक वेतनभोगी मजदूर हड़ताल पर हैं, जिससे खदान का काम पूरी तरह ठप हो गया है और लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

इधर, मामले की जानकारी मिलने पर मजदूर इंटक संघ के पदाधिकारी भी खदान पहुंचे और पीड़ित मजदूरों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। संघ ने मजदूरों को न्याय दिलाने और उचित कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!