

दो सूत्रीय मांगों को लेकर 20 जून से किसान करेंगे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल, धरना-प्रदर्शन
बलरामपुर/रामानुजगंज। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज क्षेत्र के किसान अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। किसानों का धरना-प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को किसानों ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम), थाना प्रभारी तथा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, अंबिकापुर के शाखा प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा था।
किसानों ने बताया कि उन्होंने 9 जून 2026 को मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री के नाम अनुविभागीय अधिकारी, रामानुजगंज को ज्ञापन सौंपकर धान विक्रय वर्ष 2025-26 की लंबित भुगतान राशि दिलाने तथा किसानों के नाम पर बनाए गए कथित फर्जी किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) मामलों को समाप्त करने की मांग की थी। उनका कहना है कि ज्ञापन दिए जाने के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते वे लगातार आंदोलन करने को मजबूर हैं।
धरना-प्रदर्शन के तीसरे दिन किसानों ने एक बार फिर एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की। किसानों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी धान विक्रय राशि का भुगतान नहीं किया गया और फर्जी केसीसी प्रकरणों का निराकरण नहीं हुआ, तो 20 जून से उनका आंदोलन अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल में बदल जाएगा।





















