लखनपुर/ प्रिंस सोनी: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी बोनस की राशि खातों में आने के बाद किसानों को बैंक से पैसे नहीं मिलने पर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सरगुजा जिले के लखनपुर स्थित जिला सहकारी बैंक शाखा में नकदी की कमी से नाराज किसानों ने गुरुवार को जमकर प्रदर्शन करते हुए लखनपुर थाने का घेराव कर दिया। किसानों ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर बैंक से पर्याप्त नकदी उपलब्ध कराने की मांग की।


जानकारी के अनुसार, प्रदेश सरकार द्वारा त्योहारों को ध्यान में रखते हुए धान बोनस की राशि किसानों के खातों में जमा की गई है। इसके बाद बड़ी संख्या में किसान बैंक पहुंचकर राशि निकालने लगे, लेकिन बैंक में नकदी की कमी और स्टाफ की कमी के कारण किसानों को समय पर पैसा नहीं मिल पा रहा है। स्थिति यह है कि कई किसानों को मात्र 10 हजार रुपये ही दिए जा रहे हैं, जबकि कई किसान पूरे दिन लाइन में लगने के बाद भी बिना पैसे के लौटने को मजबूर हैं।

किसानों का आरोप है कि उनके खातों में 50 हजार से लेकर 5 लाख रुपये तक जमा हैं, लेकिन बैंक में पैसे की कमी बताकर उन्हें छोटे-छोटे निकासी फॉर्म भरवाए जाते हैं। कई बार नंबर आने तक बैंक में नकदी खत्म हो जाती है और किसानों को खाली हाथ वापस लौटना पड़ता है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों को अंदर से पैसे लेकर ज्यादा राशि निकालने की सुविधा दी जा रही है।इससे नाराज किसानों ने दोपहर करीब 1:30 बजे जिला सहकारी बैंक से रैली निकालते हुए लखनपुर थाने का घेराव किया और ज्ञापन सौंपा। सूचना मिलने पर तहसीलदार अंकिता पटेल और थाना प्रभारी बैंक पहुंचे और अधिकारियों से चर्चा कर किसानों को समझाइश दी, जिसके बाद मामला शांत हुआ।इस दौरान वीडियो बना रहे एक युवक का मोबाइल छीनकर उसे थाने में बैठाए जाने की भी बात सामने आई है, जिससे किसानों में नाराजगी देखी गई।

वहीं, शाखा प्रबंधक सरवन पैकरा ने बताया कि बैंक द्वारा दो करोड़ रुपये की मांग की जाती है, लेकिन मात्र 80 लाख रुपये ही उपलब्ध कराए जाते हैं, जिससे सभी किसानों को भुगतान करना संभव नहीं हो पाता। उन्होंने कहा कि उच्च अधिकारियों को लगातार नकदी की कमी की जानकारी दी जा रही है।

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बैंक में पर्याप्त नकदी की व्यवस्था नहीं की गई तो दो दिन बाद सड़क पर उतरकर चक्का जाम करते हुए उग्र आंदोलन किया जाएगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!