

रायपुर: राजधानी रायपुर में हवाला कारोबार के नाम पर एक बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। मुंबई से आए एक कर्मचारी से शातिर ठगों ने 35 लाख रुपये ऐंठ लिए और फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
सेठ के कहने पर रायपुर पहुंचा कर्मचारी, यहीं रचा गया पूरा खेल
जानकारी के अनुसार मुंबई के बहिंदर ईस्ट निवासी करण शर्मा अपने मालिक के निर्देश पर हवाला की रकम लेने रायपुर आया था। 9 अप्रैल को उसके सेठ ने फोन कर एक नंबर दिया और उस व्यक्ति से संपर्क कर पैसे लेने को कहा।
पहले पैसे दिलवाए, फिर दूसरे व्यक्ति को देने को कहा
11 अप्रैल को करण ने दिए गए नंबर पर संपर्क किया और कोरम कॉम्प्लेक्स, तेलीबांधा में 35 लाख रुपये प्राप्त किए। रकम मिलने के बाद उसने अपने सेठ को जानकारी दी, जिसके बाद उसे निर्देश मिला कि यह राशि आगे एक अन्य व्यक्ति को सौंपनी है।
सीरियल नंबर का खेल, भरोसा जीतकर उड़ाए 35 लाख
ठगों ने प्लान के तहत दो रुपये के नोट का एक सीरियल नंबर व्हाट्सएप पर भेजा और युवक को वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर और करेंसी टावर के पास बुलाया। वहां मौजूद एक व्यक्ति ने वही सीरियल नंबर दिखाकर भरोसा जीत लिया।
विश्वास में आकर कर्मचारी ने 35 लाख रुपये उसे सौंप दिए। लेकिन बाद में जब उसने नोट की फोटो अपने सेठ को भेजी, तो सीरियल नंबर अलग निकला और ठगी का खुलासा हुआ।
पैसा लेते ही फरार हुए आरोपी, पुलिस में दर्ज हुई शिकायत
जैसे ही ठगी का एहसास हुआ, पीड़ित ने तुरंत तेलीबांधा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब मोबाइल नंबर और लोकेशन के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
संगठित तरीके से रची गई साजिश, जांच जारी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरी घटना योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी गई। अलग अलग नंबर और लोगों के जरिए विश्वास कायम कर कर्मचारी को जाल में फंसाया गया।
सावधान रहें, अनजान लोगों पर भरोसा भारी पड़ सकता है
यह मामला एक बार फिर चेतावनी देता है कि बड़ी रकम के लेनदेन में पूरी सतर्कता जरूरी है। बिना सत्यापन किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा करना भारी नुकसान का कारण बन सकता है।

































