

जांजगीर-चांपा: मुस्कान प्रधान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। कुछ सप्ताह पहले उन्होंने कथित तौर पर नशे की हालत में पहुंचे दूल्हे से शादी करने से इनकार कर बारात लौटा दी थी। अब उसी युवक के साथ मंदिर में विवाह कर उन्होंने सभी को चौंका दिया है। दोनों ने आपसी सहमति से नया जीवन शुरू करने का फैसला लिया है।
शादी टूटने के बाद फिर शुरू हुई बातचीत
जानकारी के अनुसार 23 जून को विवाह रुकने के बाद दोनों पक्षों के बीच लगातार बातचीत होती रही। इस दौरान दोनों के बीच हुई गलतफहमियां दूर हुईं और आपसी सहमति से रिश्ते को एक और मौका देने का निर्णय लिया गया। इसके बाद दोनों ने विवाह करने का फैसला लिया।
परिवार परामर्श केंद्र से सीधे पहुंचीं मंदिर
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह मुस्कान प्रधान अपने गांव कोसमंदा से महिला परिवार परामर्श केंद्र पहुंची थीं। वहां से निकलने के बाद वह सीधे खोखरा गांव पहुंचीं, जहां संत कुमार और उनके परिजन पहले से मौजूद थे। इसके बाद दोनों ने मनका दाई मंदिर में वैदिक रीति-रिवाज और मंत्रोच्चार के बीच विवाह संपन्न किया और एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया।
लड़के के परिवार को थी पहले से जानकारी
सूत्रों के अनुसार इस विवाह की जानकारी लड़के के परिजनों को पहले से थी, जबकि लड़की के परिवार को इसकी सूचना बाद में मिली। विवाह के बाद यह मामला एक बार फिर पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।
23 जून को चर्चा में आई थीं मुस्कान प्रधान
23 जून को मुस्कान प्रधान उस समय प्रदेशभर में चर्चा का केंद्र बनी थीं, जब उन्होंने कथित तौर पर नशे की हालत में पहुंचे दूल्हे से शादी करने से इनकार करते हुए बारात वापस लौटा दी थी। उनके इस फैसले की व्यापक चर्चा हुई थी। अब उसी युवक के साथ विवाह करने के निर्णय ने इस पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया है।










